मप्र में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) वीबी जी-राम जी का शुभारंभ गुरुवार को
भोपाल, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका संवर्धन तथा टिकाऊ ग्रामीण परिसंपत्तियों के निर्माण को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) वीबी जी-राम जी का प्रदेशव्यापी शुभारंभ गुरुवार, 02 जुलाई को किया जाएगा।
जनसम्पर्क अधिकारी अनुभा सिंह ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर मध्य प्रदेश के सभी जिलों में जन सम्मेलन-सह-लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूहों की सदस्याएँ, श्रमिक, हितग्राही, युवा तथा स्थानीय नागरिक सहभागिता करेंगे।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम का सभी जिला स्तरीय कार्यक्रमों में सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिससे उपस्थित नागरिक मिशन के उद्देश्यों एवं प्रमुख प्रावधानों से सीधे जुड़ सकेंगे। कार्यक्रमों के दौरान मिशन के अंतर्गत स्वीकृत नवीन विकास कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों के अंतर्गत प्रदर्शनी, पोस्टर, बैनर एवं जनजागरूकता सामग्री के माध्यम से मिशन की विशेषताओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। विभिन्न जिलों में स्थानीय सफलता की कहानियों तथा निर्मित सामुदायिक परिसंपत्तियों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर नागरिकों को मिशन के प्रमुख प्रावधानों, विशेष रूप से 125 दिवस रोजगार गारंटी, डिजिटल कार्यप्रणाली, पारदर्शी भुगतान प्रणाली, प्रौद्योगिकी आधारित निगरानी, सामाजिक अंकेक्षण तथा विकेन्द्रीकृत ग्राम स्तरीय योजना निर्माण की जानकारी प्रदान की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर