मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी में प्रसिद्ध शायर डॉ. बशीर बद्र को दी गई श्रद्धांजलि
भोपाल, 29 मई (हि.स.)। उर्दू के प्रसिद्ध शायर और पद्मश्री सम्मान से अलंकृत डॉ. बशीर बद्र को भोपाल स्थित मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी में शुक्रवार को शोकसभा आयोजित कर श्रद्धांजलि दी गई। शोक सभा में शायर डॉ. बद्र को श्रद्धांजलि देने बड़ी संख्या में शायर, साहित्यकार नागरिक मौजूद रहे।
संस्कृति विभाग की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए श्रीराम तिवारी ने कहा कि डॉ. बद्र एक महान शायर थे। उनकी साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है। साहित्यकार हेमंत मुक्तिबोध ने कहा कि शायर बशीर बद्र ने जो भी लिखा, उसका हर शब्द किसी न किसी संदेश से भरा होता था।
डॉ. नुसरत मेहदी ने डॉ. बशीर बद्र को याद करते हुए कहा कि वे पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी के भी बहुत प्रिय थे। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. बाजपेयी उनको दिल्ली से लाहौर बस यात्रा में भी अपने साथ लेकर गए थे। वे मई 2005 से 3 सितंबर 2011 तक मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी के अध्यक्ष रहे। उन्हें अनेक राष्ट्रीय और प्रांतीय सम्मानों से नवाज़ा गया।
गौरतलब है कि शायर डॉ. बद्र का निधन 28 मई 2026 को हो गया था। भारत सरकार ने उन्हें वर्ष 1999 में पद्मश्री सम्मान से नवाज़ा था। मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी ने उन्हें वर्ष 1995-96 में 'मीर तकी मीर अखिल भारतीय सम्मान' से सम्मानित किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर