मप्रः नगरीय निकाय एवं पंचायत उप निर्वाचन की सभी तैयारियां पूर्ण, सोमवार को होगा मतदान

 


भोपाल, 28 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में त्रिस्तरीय नगरीय निकाय एवं पंचायत के रिक्त पदों पर उप निर्वाचन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उप निर्वाचन के लिए मतदान 29 दिसंबर को होगा। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दीपक सिंह ने रविवार को जानकारी दी है कि नगरीय निकायों में मतदान 29 दिसम्बर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा 31 दिसम्बर को सुबह 9 बजे से होगी।

उन्होंने बताया कि पंचायतों में मतदान 29 दिसम्बर को सुबह 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक होगा। पंच पद के लिये मतगणना मतदान के तुरंत बाद मतदान केन्द्र पर ही होगी। सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की विकास खण्ड मुख्यालय पर ई.व्ही.एम. से की जाने वाली मतगणना 2 जनवरी को सुबह 8 बजे से होगी। इसी दिन सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणामों की घोषणा की जायेगी। जिला पंचायत सदस्यों एवं पंच पद के लिए परिणामों की घोषणा 5 जनवरी 2026 को प्रात: 10.30 बजे से की जायेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर