मप्र में 28 अक्टूबर को होगा अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0, शहरी विकास, जल सुरक्षा और निवेश पर होगा मंथन

 


भोपाल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहरों के समग्र, आधुनिक और सतत् विकास को दिशा देने के उद्देश्य से 28 अक्टूबर को इंदौर में 'अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0' का आयोजन किया जा रहा है। इस राज्य स्तरीय सम्मेलन में शहरी विकास की भावी रणनीति, डिजिटल गवर्नेंस, जल सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और शहरी अधोसंरचना में निवेश की संभावनाओं पर देश-विदेश के अग्रणी विशेषज्ञ, नीति निर्माता, प्रशासनिक अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि विचार-विमर्श करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी अवंतिका जायसवाल ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि कॉन्क्लेव का मुख्य ध्येय आधुनिक नियोजन, तकनीकी नवाचार, पर्यावरणीय स्थिरता और निवेश साझेदारी के माध्यम से प्रदेश के नगरीय निकायों को अधिक सक्षम, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।

उन्होंने बताया कि कॉन्क्लेव में चार प्रमुख विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से शहरों के नियोजित विकास और नागरिक सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के व्यावहारिक उपायों पर मंथन होगा। प्रथम सत्र में शहरी रीडेंसिफ़िकेशन , ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) और ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइट्स (टीडीआर) के माध्यम से आधुनिक शहरी नियोजन को बेहतर बनाने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। द्वितीय सत्र में डिजिटल तकनीक, आधुनिक प्रणालियों और प्रशासनिक सुधारों के जरिए नगरीय सुविधाओं को अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाने पर विचार किया जाएगा।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, तृतीय सत्र में जलवायु परिवर्तन के अनुकूल शहरों के निर्माण, जल संसाधनों के संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और चक्रीय अर्थव्यवस्था (सर्कुलर इकोनॉमी) के प्रभावी मॉडल पर विस्तृत चर्चा होगी। वहीं, चतुर्थ सत्र में शहरी अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण, सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी), नगर निकायों के वित्तीय संसाधनों के संवर्धन और वैश्विक विशेषज्ञता एवं निवेश की संभावनाओं पर रणनीति बनाई जाएगी। राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं की सहभागिता से आयोजित यह कॉन्क्लेव मध्यप्रदेश के शहरों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप संवारने के लिए एक ठोस एवं व्यावहारिक रोडमैप प्रदान करेगा।

कॉन्क्लेव में सहभागिता के लिए इच्छुक प्रतिभागी, निवेशक, विषय-विशेषज्ञ, उद्यमी एवं युवा आधिकारिक पोर्टल ugconclave.mp.gov.in पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर