इंदौर में वी वन अस्पताल की अपंजीकृत सोनोग्राफी मशीन सीलबंद, संचालक को नोटिस जारी
इंदौर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में वी वन अस्पताल (ए यूनिट ऑफ मेडिहील हेल्थकेयर प्रा. लि.), गीता भवन चौराहा में पंजीयन प्रमाण-पत्र में दर्ज मशीन के अतिरिक्त पाई गई एक अन्य सोनोग्राफी मशीन को सीलबंद करने की कार्रवाई की गई है। साथ ही अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि अस्पताल का पीसीपीएनडीटी पंजीयन क्रमांक 767 है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी के निर्देशन में निरीक्षण दल द्वारा अस्पताल का निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण के दौरान पंजीयन प्रमाण-पत्र में दर्ज मशीन के अतिरिक्त स्टोर रूम में एक अन्य सोनोग्राफी मशीन पाई गई।
कलेक्टर वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित मशीन को सीलबंद करने के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में डॉ. दिव्यानी अहरवाल एवं श्रीमती दीपमाला बामने को मौके पर भेजकर अपंजीकृत मशीन को सीलबंद कराया गया। इसके साथ ही अस्पताल संचालक को नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण में नियमानुसार आगामी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
न्यू बोर्न केयर सेंटर की अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन भी सील
इसी प्रकार पी.सी.पी.एन.डी.टी. अधिनियम के प्रावधानों के उल्लंघन के मामले में इन्दौर स्थित न्यू बोर्न केयर सेंटर , केयर ऑफ लोटस हेल्थ केयर सेंटर, डायमंड कॉलोनी, जंजीरवाला चौराहा की अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन को भी सील करने की कार्रवाई की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि केंद्र पर पंजीकृत चिकित्सक डॉ. जफर खान द्वारा सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना केंद्र को अल्ट्रा सोनोग्राफी मशीन सहित अन्य व्यक्ति को विक्रय कर दिया गया है। इस संबंध में पी.सी.पी.एन.डी.टी. अधिनियम के उल्लंघन की जानकारी कलेक्टर शिवम वर्मा को दी गई।
कलेक्टर वर्मा के निर्देश पर आज डॉ. दिव्यानी अहिरवार, जोनल अधिकारी दीपमाला बामने, पर्यवेक्षण दल सदस्य द्वारा केंद्र को सील करने की कार्रवाई की गई। साथ ही संबंधित संचालक/चिकित्सक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर