मप्रः सिंहस्थ 2028 की तैयारियां जोर-शोर से जारी, संभागायुक्त-कलेक्टर ने किया निर्माणाधीन घाट का निरीक्षण

 




- सिंहस्थ में आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थान और घाट तक पहुंचने के मार्ग की माईक्रो प्लानिंग तैयार करने के दिए निर्देश

उज्जैन, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने रविवार को सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत त्रिवेणी श्री शनि मंदिर के समीप निर्माणाधीन घाट निर्माण कार्य और श्रद्धालुओं के घाट तक पहुंचने के लिए स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान संभागायुक्त सिंह ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को सिंहस्थ के दौरान इंदौर-देवास की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन पार्किंग कराने और स्नान के लिए घाट तक पहुंचाने के मार्ग के लिए माईक्रो प्लानिंग तैयार करने के निर्देश दिए।

दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सिंहस्थ 2028 में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शिप्रा नदी पर 29 किलोमीटर के नवीन घाटों का निर्माण किया जा रहा है। रविवार को संभागायुक्त और कलेक्टर ने नियमित निरीक्षण के दौरान त्रिवेणी स्थित श्री शनि मंदिर के समीप नमामि शिप्रा परियोजना क्रियान्वयन इकाई क्र. 02 के अंतर्गत जल संसाधन विभाग द्वारा डेढ़ किलोमीटर क्षेत्र में नवीन घाट निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद जल संसाधन विभाग अधिकारियों ने नवीन घाट निर्माण की प्रगति से अवगत कराया। संभागायुक्त ने घाट निर्माण कार्य के साथ ही घाट के पहुंच मार्ग के लिए पैदल भ्रमण करते हुए मार्ग की स्थिति देखी। उन्होंने मौके पर ही पुलिस विभाग के यातायात डीएसपी व अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ के दौरान पार्किंग स्थल और श्रद्धालुओं के आने के मार्ग निर्धारण के बाद ही घाट पर श्रद्धालुओं के उतरने के स्ट्रेक्चर तैयार किए जाएं।

संभाग आयुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने वन विभाग के इको पार्क रोपणी के सामने सिंहस्थ 2016 में निर्मित किए गए वीआईपी घाट की स्थिति भी देखी। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ महापर्व के दौरान एवं सामान्य दिनों में भी भीड़ का दवाब रहेगा। इसके अनुसार ही भीड़ और यातायात प्रबंधन का प्लान तैयार करें। उन्होंने निर्माण कार्य कराने वाले विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ के अंतर्गत प्रचलित कार्यों में गुणवत्ता पूर्ण सामग्री का उपयोग किया जाए। वर्षा ऋतु को देखते हुए प्रचलित कार्यों की गति बढ़ाकर समय सीमा में पूर्ण किया जाए। निरीक्षण के दौरान उज्जैन विकास प्राधिकरण सीईओ संदीप सोनी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

शिप्रा नदी के घाटों पर प्रति घंटे कितने श्रद्धालु स्नान कर सकेंगे इसका भी प्लान बना लें

संभागायुक्त आशीष सिंह ने नियमित निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ के दौरान शिप्रा नदी के घाटों पर प्रति घंटे में कितने श्रद्धालु स्नान कर सकेंगे। इसका आंकलन कर प्लान बनाकर तैयार रखें। जिससे श्रद्धालुओं के प्रति घंटे घाट पर स्नान करने की संख्या का अनुमान हो सकेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि वाहनों के निर्धारित पार्किंग स्थलों पर जगह की स्थिति देखकर प्लान कर लें कि एक समय में कितने वाहन पार्किंग हो सकेंगे। प्लान तैयार होने के बाद पार्किंग व्यवस्था में सुगमता होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर