मप्र के उज्जैन में नागपंचमी पर मध्यरात्रि को खुले नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट, लगातार 24 घंटे होंगे दर्शन
उज्जैन, 17 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर के तृतीय तल पर स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट नागपंचमी पर रविवार मध्यरात्रि 12 बजे खोल दिए गए। पट खुलते ही यहां देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन शुरू किए। दर्शन का सिलसिला सोमवार मध्यरात्रि 12 बजे तक यानी 24 घंटे जारी रहेगा।
गौरतलब है कि महाकालेश्वर मंदिर के तीसरे तल पर स्थित इस मंदिर के कपाट साल में सिर्फ एक बार नागपंचमी पर 24 घंटे के लिए खुलते हैं। रविवार मध्य रात्रि को मंदिर के पट खुलने से करीब आधे घंटे पहले रात 11:30 बजे प्रथम पूजन की प्रक्रिया शुरू हुई। मध्य रात्रि में पट खुलने के बाद श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनीत गिरि महाराज ने भगवान नागचंद्रेश्वर का पूजन-अभिषेक किया। इस दौरान महाकाल मंदिर प्रबंध समिति और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। प्रथम पूजा के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू कर दिए गए।
भगवान नागचंद्रेश्वर का मंदिर महाकाल मंदिर के तीसरे तल पर स्थित है। नागपंचमी के अलावा पूरे वर्ष यहां श्रद्धालुओं के लिए पट बंद रहते हैं। इसी कारण नागपंचमी पर होने वाले दर्शन के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। इस बार नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार के एक ही दिन होने से महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
तीन बार होगी विशेष पूजा
नागपंचमी पर भगवान नागचंद्रेश्वर की त्रिकाल पूजा की परंपरा है। पहली पूजा रविवार मध्यरात्रि पट खुलने के बाद हुई। दूसरी विशेष पूजा सोमवार दोपहर 12 बजे श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से की जाएगी। शाम को भगवान महाकाल की संध्या आरती के बाद महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी एवं पुरोहित भगवान नागचंद्रेश्वर की विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।
नागचंद्रेश्वर मंदिर में सामान्य दर्शन प्रवेश व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश कर्कराज पार्किंग स्थित प्रवेश द्वार से निर्धारित किया गया है। श्रद्धालु कर्कराज से प्रवेश कर भील समाज धर्मशाला, गोंड मोहल्ला, चारधाम, हरसिद्धि चौराहा एवं बड़ा गणेश होते हुए प्रवेश द्वार क्रमांक-4 से मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगे। इसके बाद विश्रामधाम होते हुए श्री नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन करेंगे तथा प्रीपेड बूथ से बाहर निकलेंगे। निकासी के पश्चात श्रद्धालु 24 खंबा रोड से होते हुए पुनः कर्कराज की ओर जाएंगे।
नागचंद्रेश्वर मंदिर में शीघ्र दर्शन प्रवेश शीघ्र दर्शन हेतु श्रद्धालुओं का प्रवेश हरसिद्धि पाल की ओर से निर्धारित किया गया है। श्रद्धालु बड़ा गणेश मार्ग से होते हुए प्रवेश द्वार क्रमांक-5 से प्रवेश करेंगे और विश्रामधाम होते हुए श्री नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन करेंगे। दर्शन उपरांत प्रीपेड बूथ से निकासी कर 24 खंबा रोड होते हुए पुनः हरसिद्धि पाल की ओर जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर