उज्जैनः सिंहस्थ-2028 के लिए बन रहे इंटिग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का कमिश्नर-कलेक्टर ने किया निरीक्षण
- सिंहस्थ के महत्वपूर्ण आंतरिक मार्गों और प्रमुख मंदिरों से जुड़ने वाले मार्गों का निर्माण कार्य तेज करें: संभागायुक्त
उज्जैन, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ-2028 महापर्व की तैयारियों के अंतर्गत उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) द्वारा द्वारा बनाए जा रहे आंतरिक मार्गों, प्रमुख मंदिरों से वाले मार्गों तथा इंटिग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर के निर्माण कार्यों का मंगलवार को संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त आशीष सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ की दृष्टि से महत्वपूर्ण सभी आंतरिक मार्गों एवं प्रमुख मंदिरों को जोड़ने वाले मार्गों के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण हों और कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि बारिश का दौर समाप्त हो चुका है, इसलिए उपलब्ध समय का बेहतर उपयोग करते हुए सभी निर्माण कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जाए।
संभागायुक्त और कलेक्टर ने कार्तिक मेला ग्राउंड के सामने उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा निर्माणाधीन इंटिग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। संभागायुक्त सिंह ने मौके पर प्रोजेक्ट की ड्राइंग का अवलोकन कर निर्माण कार्य प्रगति की जानकारी ली। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि इंटिग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
उन्होंने सोमवारिया से पिपलीनाका तक निर्माणाधीन मार्ग निर्माण के दौरान आने वाले सीवर चेंबर के संबंध में नगर निगम के अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय के अभाव में निर्माण कार्य प्रभावित नही होना चाहिए।
इसके बाद अधिकारियों ने गढ़कालिका माता मंदिर से पीर मत्स्येंद्रनाथ समाधि स्थल तक लगभग 400 मीटर लंबी सीसी सड़क निर्माण कार्य, गढ़कालिका माता मंदिर से भर्तृहरि गुफा तक सड़क निर्माण कार्य तथा गढ़कालिका माता मंदिर से ओखलेश्वर तक नवीन मार्ग निर्माण कार्य का अवलोकन किया। इसके साथ ही गढ़कालिका माता मंदिर के लिए प्रस्तावित पार्किंग स्थल तथा कार्तिक मेला सदावल से नईखेड़ी तक मार्ग निर्माण कार्य की भी जानकारी ली। संभागायुक्त ने प्रमुख मंदिरों पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए पार्किंग एवं आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सिंहस्थ क्षेत्र में प्रस्तावित आंतरिक सड़क निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि फसल कटने के बाद तत्काल सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों के मुआवजा प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और निर्माण कार्य भी समय पर प्रारंभ किए जा सके।
अगले वर्ष तक सभी महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि सिंहस्थ-2028 के लिए जिले में विभिन्न विभागों के माध्यम से महत्वपूर्ण विकास एवं निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार आगामी वर्ष तक सभी महत्वपूर्ण कार्य हर हाल में पूर्ण किए जाने हैं। इसी क्रम में उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा और स्थल निरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इंटिग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का निर्माण कार्य अच्छी गति से चल रहा है तथा इसे आगामी तीन-चार माह में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी प्रकार विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों की समय-सीमा भी निर्धारित की गई है, ताकि कार्य समय से पहले अथवा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जा सके। कलेक्टर ने कहा कि प्रमुख मंदिरों, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते है, वहां पार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा हो सके और यदि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो उसका मौके पर ही समाधान किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर