उज्जैनः नीट परीक्षा केंद्र का कलेक्टर - एसपी ने निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी
- नीट परीक्षार्थी और अभिभावकों के लिए स्वल्पाहार की विशेष व्यवस्था की गई
उज्जैन, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में रविवार को नीट परीक्षा (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) के आयोजन के दौरान कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने शहर के शासकीय उत्कृष्ट माधव नगर विद्यालय परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा के दौरान की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद विद्यार्थियों के अभिभावकों से चर्चा कर उनसे प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों के परीक्षा में सफल होने की कामना के साथ अभिभावकों को प्रोत्साहित भी किया।
कलेक्टर सिंह ने बताया कि नीट की परीक्षा के लिए उज्जैन जिले में शहर में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए है। इसमें कुल 4171 विद्यार्थियों की परीक्षा होना है। पूरे जिला प्रशासन और पुलिस की टीम व्यवस्था में लगी है। सभी विद्यार्थियों का प्रवेश को लेकर कोई परेशानी नहीं हुई। प्रश्रपत्र को लेकर पूरी सुरक्षा और गोपनीयता बरती गई है।
उन्होंने कहा कि इस बार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विचार से एक अच्छी पहल हुई है कि दूर-दूर से विद्यार्थी और अभिभावक परीक्षा के लिए सुबह से परीक्षा केंद्र के लिए निकल जाते है। उनकी परेशानी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशानुरूप उन्ही केनिर्देश पर नीट परीक्षा में आने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संचालित निशुल्क अन्नक्षेत्र के माध्यम से स्वल्पाहार, चाय, पेयजल और अभिभावकों को परीक्षा के दौरान सुविधा पूर्वक बैठने की व्यवस्था परीक्षा केंद्र के बाहर की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश है कि परीक्षा देने के दौरान किसी भी प्रकार की कठिनाई विद्यार्थी और उनके अभिभावकों को नही हो। परीक्षा के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। प्रशासन और पुलिस की टीम को लगाया गया है। नीट परीक्षा निर्विध्र सम्पन्न होगी।
नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा)की परीक्षा दिलाने के लिए दूर-दूर से अपने बेटी-बेटा के साथ आए अभिभावकों से कलेक्टर और एसपी परीक्षा के दौरान की गई व्यवस्था को लेकर चर्चा की। अभिभावकों ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर परीक्षार्थियों और अभिभावकों के लिए स्वल्पाहार, चाय, पेयजल और बैठने के लिए जो व्यवस्था की गई वे सराहनीय है। कलेक्टर और एसपी ने अभिभावकों से अनुरोध किया कि परीक्षार्थी व्यवस्थित रूप से परीक्षा देने बैठ चुके है।
अभिभावक अब निश्चिंत होकर भगवान महाकाल के दर्शन करने के बाद पुन: परीक्षा केंद्र से परीक्षा संपन्न होने के बाद अपने बच्चों को साथ लेकर घर की ओर जा सकते है। इस बार नीट परीक्षा की अच्छी व्यवस्थाओं को लेकर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में उत्साह देखा गया है। विद्यार्थियों के अभिभावकों ने नीट परीक्षा के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के निर्देश पर प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
परीक्षार्थियों के लिए श्री महाकालेश्वर मंदिर द्वारा जलपान एवं अल्पाहार की विशेष व्यवस्था
महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा रविवार को आयोजित होने वाली NEET (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा)-2026 में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु विशेष जलपान एवं अल्पाहार व्यवस्था की गई है। प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप उज्जैन जिले के 8 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित इस परीक्षा में लगभग 4,171 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। सभी परीक्षार्थियों को श्री महाकालेश्वर मंदिर के निःशुल्क अन्नक्षेत्र के माध्यम से जलपान एवं अल्पाहार उपलब्ध कराया जाएगा।
परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व आवश्यक अल्पाहार उपलब्ध हो सके तथा वे सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में अपनी परीक्षा दे सकें, इस उद्देश्य से मंदिर प्रबंध समिति द्वारा यह विशेष व्यवस्था की गई है। व्यवस्था के सुचारु संचालन हेतु प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सहायक प्रशासक, प्रभारी, सह प्रभारी एवं आउटसोर्स कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। संपूर्ण व्यवस्था का प्रभारी उप प्रशासक एवं डिप्टी कलेक्टर सिम्मी यादव को बनाया गया है, जिनके मार्गदर्शन में सभी परीक्षा केन्द्रों पर व्यवस्थाओं का संचालन किया जाएगा। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा यह पहल विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान आवश्यक सहयोग एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर