उज्जैनः सेवरखेडी-सिलारखेडी परियोजना के ठेकेदार पर 10 लाख का जुर्माना

 




- उपयंत्री का 10 दिन का वेतन काटा, संभागायुक्‍त ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

उज्जैन, 24 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने गुरुवार को सिंहस्थ 2028 के लिए लोक निर्माण, ब्रिज, सेतु निगम एवं जल संसाधन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बारिश खत्‍म होने के बाद, भूमि अधिग्रहण एवं अन्य कारणों से लंबित स्वीकृत सड़क कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त सिंह ने सेवरखेड़ी-सिलारखेडी परियोजना के थर्ड पार्टी निरीक्षण में मिली कमियों पर संबंधित ठेकेदार पर 10 लाख रुपए का जुर्माना प्रस्तावित करने तथा पाई गई कमियां तत्काल दूर कराने के निर्देश जल संसाधन विभाग के ई.ई. को दिए।

जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री ने बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य फरवरी 2028 तक पूरा हो जाएगा। करोहन से नईखेड़ी मार्ग निर्माण में कमी पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग सिंहस्थ विंग के संबंधित उपयंत्री का 10 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए‌‌। मकोडिया आम से हरिफाटक तक के एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण कार्य में अब तक 23 पाइल हो चुके हैं। इंदौर गेट से निकास चौराहे तक एक साइड क्लियर कर जल्द काम शुरू किया जाएगा।

कालभैरव मंदिर से भैरवगढ़ जेल, सिद्धवट तथा सिद्धवट से अंगारेश्वर मंदिर के एप्रोच रोड का काम भी शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को समन्वय कर सिंहस्थ क्षेत्र की आंतरिक सड़कों के लिए सीवर एवं पाइप लाइन की मार्किंग करने को कहा गया। महामृत्युंजय द्वार से नानाखेड़ा चौराहे तक सड़क निर्माण का सिविल वर्क पूरा हो चुका है और अक्टूबर में इलेक्ट्रिक कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

बैठक में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट, अपर आयुक्त नगर निगम संतोष टैगोर सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर