मप्रः इंदौर में लता मंगेशकर की जयंती पर दो दिवसीय राष्ट्रीय अलंकरण सम्मान समारोह 27-28 सितम्बर को

 


इंदौर, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में राष्ट्रीय लता मंगेशकर अलंकरण सम्मान समारोह एवं गीत संध्या का दो दिवसीय आयोजन 27-28 सितम्बर को इंदौर में होगा। मुख्य समारोह 28 सितम्बर को होगा।

अलंकरण समारोह की तैयारियों को लेकर इंदौर संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने सोमवार को बैठक आयोजित की। बैठक में संभागायुक्त लाक्षाकार ने कहा कि स्वर कोकिला लता मंगेशकर के नाम से प्रतिवर्ष आयोजित राष्ट्रीय लता मंगेशकर अलंकरण सम्मान समारोह इस बार 28 सितम्बर को लता मंगेशकर ऑडिटोरियम परस्पर नगर इंदौर में सम्पन्न होगा।

उन्होंने बताया कि 28 सितम्बर को स्वर कोकिला लता मंगेशकर की जन्म जयंती है। राष्ट्रीय लता मंगेशकर अलंकरण समारोह एक वर्ष संगीत निर्देशन एवं दूसरे वर्ष पार्श्व गायन के क्षेत्र में दिया जाता है।

संभागायुक्त लाक्षाकार ने कहा कि राष्ट्रीय लता मंगेशकर अलंकरण समारोह एवं गीत संध्या के तहत स्वर कोकिला लता मंगेशकर के जीवनवृत पर केन्द्रित दुर्लभ चित्रों की प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। इस दो दिवसीय आयोजन के पहले दिन सुगम संगीत प्रतियोगिता होगी , जिसमें संगीत के क्षेत्र में उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। इसी दिन दोपहर को स्थानीय स्तर के संगीत कलाकारों द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। समारोह में संगीत निशा की प्रस्तुति श्री सचेत एवं परम्परा टण्डन एवं उनके दल द्वारा दी जाएगी।

संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल लता मंगेशकर ऑडिटोरियम पर पर्याप्त पार्किंग की विशेष व्यवस्था, प्रकाश, जनरेटर, शुद्ध पेयजल, एवं बुनियादी सुविधाएं, स्वच्छता, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड सुनिश्चित की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर