सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से दें जनआंदोलन का स्वरूप : मंत्री परमार
- मंत्री परमार ने वर्चुअल बैठक में तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश
भोपाल, 15 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री और दमोह जिले के प्रभारी इन्दर सिंह परमार ने मंगलवार को भोपाल स्थित मंत्रालय के प्रतिकक्ष से प्रभारी जिले दमोह की वर्चुअल बैठक लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों एवं प्रस्तावित गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में मंत्री परमार ने अभियान की गतिविधियों को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री परमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल आयोजनों तक सीमित न रहे, बल्कि सेवा, सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ जन-जन को जोड़ने का माध्यम बने। अभियान का उद्देश्य विकसित भारत के निर्माण के लिए जनभागीदारी की सामूहिक शक्ति का सृजन करना है। उन्होंने कहा कि गांव से शहर और वार्ड से जिला स्तर तक नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अभियान को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।
17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ के साथ रक्तदान शिविर
प्रभारी मंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ जिले में विभिन्न जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला एवं विकासखंड स्तर पर रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकाधिक नागरिकों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री परमार ने कहा कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि सार्थक परिणाम और व्यापक जनसहभागिता के साथ संचालित हो। जिला स्तर से ग्राम एवं वार्ड स्तर तक प्रभावी समन्वय, सतत निगरानी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सेवा संकल्प अभियान सेवा, सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व का व्यापक जनआंदोलन बन सके।
विविध गतिविधियों के माध्यम से बढ़ेगी जनभागीदारी
बैठक में ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा के रंग’, ‘राष्ट्र के संग’, ‘25 साल–25 कहानी’ एवं ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
‘मेरे सपनों का भारत’ के अंतर्गत शासकीय एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा छात्रावासों में विकसित भारत की थीम पर निबंध एवं चित्रकला जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं अन्य गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों को सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ा जाएगा।
हितग्राहियों की सफलता की कहानियां होंगी साझा
बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियों को जन-जन तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया। हितग्राहियों के अनुभवों एवं जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को वीडियो, रील एवं अन्य माध्यमों से साझा कर पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बैठक में आनंद विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल, दमोह विधायक जयंत मलैया, हटा विधायक उमादेवी खटीक, श्याम शिवहरे, भाव सिंह लोधी मासाब सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर