मप्र: भिंड-ग्वालियर हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, शादी का भात मांगने जा रही 9 महिलाएं घायल

 


भिंड, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में भिंड-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर गुरुवार को बरोही थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से उसमें सवार नौ महिलाएं घायल हो गईं। सभी महिलाएं मेहगांव से भिंड में एक पारिवारिक शादी के लिए भात मांगने आ रही थीं। इसी दौरान अचानक ट्रॉली का हिच पिन (नाका) टूट गया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना बरोही थाने से करीब 400 मीटर की दूरी पर हुई। जानकारी के अनुसार, परिवार में शादी समारोह की तैयारियों के तहत महिलाएं भात मांगने की रस्म पूरी करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिंड आ रही थीं। रास्ते में अचानक ट्रॉली का नाका टूट गया। इससे ट्रॉली सड़क पर पलट गई और उसमें सवार महिलाएं घायल हो गईं।

हादसे की सूचना मिलते ही बरोही थाना प्रभारी अतुल सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल थाना मोबाइल वाहन की मदद से सभी घायलों को भिंड जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उनका परीक्षण कर उपचार शुरू किया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी महिलाओं को सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया है। एक महिला के सिर में गंभीर चोट आने की जानकारी भी सामने आई है।

हादसे में रीना देवी (40) पत्नी राजीव सिंह, मंजू देवी (46) पत्नी अशर्फीलाल जाटव, मिथिलेश (50) पत्नी राकेश सिंह हिंडोलिया, माया देवी (40) पत्नी छविराम जाटव, ममता देवी (38) पत्नी नरेश जाटव, ममता देवी (35) पत्नी सुंदर खन्ना, शिमला देवी (37) पत्नी सुनील जाटव और पिंकी देवी (35) पत्नी बृजेश जाटव के रूप में हुई है। ये सभी मेहगांव की निवासी हैं। वहीं सुनीता देवी (50) पत्नी श्रीपाल जाटव अकलोनी की रहने वाली हैं। सभी का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

बरोही थाना प्रभारी अतुल सिंह भदौरिया ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली का नाका टूटने से ट्रॉली पलट गई थी। उसमें सवार नौ महिलाएं घायल हुई हैं। पुलिस ने थाना मोबाइल वाहन से सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे