पर्यटन से रोजगार को मिलेगा नया आयाम- कलेक्टर नारायन
- छिंदवाड़ा जिले में तामिया महोत्सव का समापन, पर्यटकों में दिखा उत्साह
छिन्दवाडा, 23 अगस्त (हि.स.)। तामिया सावन महोत्सव में दूर-दूर से आए पर्यटकों ने सहभागिता की है, इससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन से रोजगार को नया आयाम देने के प्रयास किये जा रहे हैं। होम स्टे से ग्रामीणों की आय में बढ़ोत्तरी हो रही है, जिससे गांव तरक्की कर रहे हैं।
यह विचार मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में आयोजित तीन दिवसीय तामिया सावन महोत्सव के समापन समारोह में रविवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने व्यक्त किए। यह महोत्सव मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड व जिला प्रशासन के साथ तामिया में 21 से 23 अगस्त तक आयोजित हुआ।
रविवार को महोत्सव के समापन समारोह में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार, जनपद अध्यक्ष तुलसा परतेती, जुन्नारदेव एसडीएम राजनंदनी ठाकुर, टूरिज्म बोर्ड से वरिष्ठ प्रबंधक गायत्री जोशी, परियोजना अधिकारी आर.डी. सिद्दीकी, सरिता टोपो सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार ने पर्यटन ग्रामों में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी साझा की। महोत्सव के अंतिम दिन बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों ने यहां चल रही गतिविधियों में सहभागिता की। लोगों में झूले, सेल्फी और ट्रेकिंग को लेकर उत्साह दिखा।
पुरस्कार वितरण -
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड व जिला प्रशासन के सहयोग से हुई फोटोग्राफी प्रतियोगिता ‘डिस्कवर तामिया’ के विजेता नीरज पुसाम, मयंक यादव, अमित यादव, सौरभ वर्मा और राहुल मर्सकोले को पुरस्कृत किया गया। साथ ही आयोजन में सक्रिय सहयोग देने वाले साथियों का सम्मान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर