मप्रः टाइम ऑफ डे टैरिफ के तहत 9 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को मिली 109 करोड़ की छूट

 


भोपाल, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र के जिलों के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को टाइम ऑफ डे (टीओडी) टैरिफ व्यवस्था के तहत सोलर आवर्स (सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक) में बिजली की खपत पर 20 प्रतिशत तक की विशेष छूट का लाभ दिया जा रहा है।

कंपनी द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई कि इसी के तहत जुलाई-2026 में कंपनी कार्यक्षेत्र के कुल 9 लाख 26 हजार 737 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को उनके बिजली बिलों में कुल 10 करोड़ 96 लाख 42 हजार रुपये की टाइम ऑफ डे छूट का सीधा लाभ मिला। इनमें भोपाल रीजन के 7 लाख 59 हजार 792 उपभोक्ताओं को 839.90 लाख रुपये तथा ग्वालियर रीजन के 1 लाख 66 हजार 945 उपभोक्ताओं को 256.53 लाख रुपये की छूट प्रदान की गई।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आधुनिक तकनीक का लाभ उठाते हुए अपने परिसरों में स्मार्ट मीटर लगवाएं। स्मार्ट मीटर न केवल ऊर्जा प्रबंधन को बेहतर बनाते हैं, बल्कि उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत पर नियंत्रण रखने और आर्थिक बचत करने का अवसर भी प्रदान करते हैं। टाइम ऑफ डे टैरिफ के तहत स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को सोलर आवर्स (सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक) बिजली उपयोग करने पर ऊर्जा प्रभार की सामान्य दर में 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड/अनुबंध मांग वाले उपभोक्ताओं को 20 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। स्मार्ट मीटर से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए उपभोक्ता 1912 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा कैलाश कुमार चौधरी, प्रबंधक (स्मार्ट मीटरिंग सेल) से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही Smartmeteringcellbhopal@gmail.com पर ई-मेल के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

उपभोक्ताओं को घरेलू स्मार्ट मीटर से मिलने वाले फायदे

- ऊर्जा की खपत को ट्रैक करने और ऊर्जा की बचत करने में मदद करता है।

- बिजली की खपत को सटीक रूप से मापता है, जिससे बिल में कोई गलती नहीं होती।

- ऐप के जरिए मोबाइल पर रियल-टाइम डेटा देखकर ऊर्जा की खपत को नियंत्रित कर सकते हैं।

- ऊर्जा की गुणवत्ता के बारे में जानकारी मिलती है, ताकि ऊर्जा की खपत को बेहतर बना सकते हैं।

- ऊर्जा की खपत को ऑनलाइन ट्रैक करने और नियंत्रित करने की सुविधा मिलती है।

- ऊर्जा की खपत को कम करने से पर्यावरण पर पड़ने वाला प्रभाव कम होता है।

उपभोक्ता सेवाओं को मिला नया विस्तार

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि उपभोक्ता सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, सुगम एवं प्रभावी बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कॉल सेंटर सेवाओं का विस्तार किया गया है। अब 1912 के साथ 0755-4314165 के माध्यम से भी बिजली संबंधी शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी।

मैदानी स्तर पर शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए 47 नवीन एवं अतिरिक्त FOC (Fuse Off Call) टीमों का सृजन किया गया है। FOC टीम का कार्य उपभोक्ता परिसर में विद्युत आपूर्ति से संबंधित फॉल्ट अथवा फ्यूज संबंधी शिकायत आने पर मौके पर पहुंचकर आवश्यक सुधार कार्य करना है। इन 47 टीमों में 33 बाइक FOC एवं 14 कैंपर FOC टीमें शामिल हैं। इन्हें जिला एवं संभागीय मुख्यालयों के साथ-साथ तहसील मुख्यालयों एवं छोटे शहरों में भी स्वीकृत किया गया है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में विद्युत प्रदाय संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित होगा।

गर्ग ने बताया कि विद्युत सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपभोक्ताओं को UPAY App, कॉल सेंटर एवं MPCZ Portal के माध्यम से विद्युत तार, पोल, उपकरण अथवा अन्य असुरक्षित विद्युत अधोसंरचना से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इन पहलों से उपभोक्ताओं को त्वरित, सुगम एवं सुरक्षित विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर