टीकमगढ़ः मुख्यमंत्री से मिलने नहीं दिया तो युवक ने खा लिया जहर,

 


- जमीन पर कब्जे की शिकायत लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचा था युवक

टीकमगढ़, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को टीकमगढ़ पर प्रवास पर पहुंचे थे। इस दौरान उनसे मिलने नहीं देने पर युवक ने नगर पालिका दफ्तर के बाहर जहर खा लिया। वह जमीन के सीमांकन और कब्जे की शिकायत लेकर आया था, लेकिन पुलिस ने अंदर नहीं जाने दिया। इससे नाराज होकर यह कदम उठाया।

पुलिस के मुताबिक, वार्ड नंबर-1, पुरानी टिहरी निवासी सचेंद्र पुत्र सिल्ले कुशवाह अपनी पत्नी राधा कुशवाह और बेटी के साथ कार्यक्रम में पहुंचे थे। सचेंद्र मुख्यमंत्री से मिलकर जमीन विवाद की शिकायत करना चाहते थे। युवक की पत्नी राधा के मुताबिक, टीकमगढ़ किला क्षेत्र में खसरा नंबर 2000, 2002, 2003, 2004, 2005, 2006, 2007 और 2008/2847 की कुल 1.096 एकड़ जमीन उनके परिवार की है।

उनका आरोप है कि जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। कई बार शिकायत के बावजूद पटवारी जमीन का सीमांकन नहीं कर रहा। प्रशासन सही तरीके से सीमांकन कर दे तो जमीन वापस मिल सकती है। परिवार जमीन बेचकर अपना कर्ज चुकाना चाहता है।

राधा के मुताबिक, वह कार्यक्रम में पहुंचीं तो पुलिस ने उनका आवेदन ले लिया। इसके बाद भी सचेंद्र मुख्यमंत्री से सीधे मिलकर अपनी समस्या बताना चाहते थे। कार्यक्रम स्थल के बाहर उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर खाने के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें टैक्सी से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला ने बताया कि युवक ने कौन-सा जहरीला पदार्थ खाया है, इसकी फिलहाल जानकारी नहीं है। उसे निगरानी में रखा गया है और मेडिकल टीम इलाज कर रही है। हालत ठीक होने पर उसे छुट्टी दे दी जाएगी।

राधा के मुताबिक, सचेंद्र ने अपने मकान पर 5 लाख रुपये का लोन लिया है। उसकी बैंक किश्त चल रही है। इसके अलावा उधार देने वाले लोग भी रोज पैसे मांग रहे हैं। परिवार का कहना है कि जमीन का विवाद सुलझ जाए तो जमीन बेचकर कर्ज चुकाने में मदद मिलेगी।

दरअसल, मुख्यमंत्री शुक्रवार को टीकमगढ़ में नगर पालिका में आयोजित जनविश्वास कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यहां उन्होंने लोगों से संवाद किया और शिकायतें सुनीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर