टीकमगढ़ः 69वीं राष्ट्रीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता आज से, केन्द्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार करेंगे शुभारंभ

 




- 27 दिसंबर तक चलेगी 69वीं राष्ट्रीय शालेय 14 वर्षीय बालक हॉकी प्रतियोगिता

टीकमगढ़, 22 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के ढोंगा ग्राउंड एवं गंजी खाना ग्राउंड पर 22 दिसम्बर से 27 दिसम्बर तक 69वीं राष्ट्रीय शालेय 14 वर्षीय बालक हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार के मुख्य आतिथ्य में आज सोमवार को ढोंगा ग्राउंड पर प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा।

जिला शिक्षा अधिकारी एचएस चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि 69वीं राष्ट्रीय शालेय 14 वर्षीय बालक हॉकी प्रतियोगिता में 32 राज्यों से टीमें सहभागिता कर रही हैं। राज्यों से आई टीमों को नगर के सभी अच्छे होटल में रुकने की व्यवस्था की गई है। भोजन व्यवस्था की उत्तम व्यवस्था की गई है, जिसकी प्रति दिवस जांच फूड ऑफिसर द्वारा की जायेगी। ग्राउंड निर्माण एवं अन्य व्यवस्था हेतु पुराने अनुभवी खिलाड़ी एवं कोच व खेल शिक्षकों की सहायता ली गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर