भोपालः बाघ सप्ताह के अंतर्गत राष्ट्रीय उद्यान वन विहार में पॉम पेंटिग प्रतियोगिता का आयोजन

 




भोपाल, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के राष्ट्रीय उद्यान वन विहार में चल रहे बाघ सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को विद्यार्थियों के लिये मध्य प्रदेश में बाघ विषय पर पॉम पेंटिग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने सहभागिता की।

दरअसल, राष्ट्रीय उद्यान वन विहार में अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर बाघों के सम्बध में जनमानस एवं विद्यार्थियों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से 22 जुलाई से 28 जुलाई तक बाघ सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें भोपाल शहर के महाविद्यालय/विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिये विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है।

बाघ सप्ताह के अतर्गत वन विहार संचालक विजय कुमार के निर्देशन में सोमवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक विहार स्थित विहार वीथिका में सेंट जॉर्ज स्कूल, जवाहर लाल स्कूल एवं गुरूनानक पब्लिक स्कूल के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिये मध्य प्रदेश में बाघ विषय पर पॉम पेंटिग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 50 प्रतिभागी एवं शिक्षकों ने भाग लिया। विजयी प्रतिभागियों को प्रथम द्वितीय, तृतीय को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र तथा चार प्रतिभागियों को सात्वना पुरस्कार वन विहार सहायक सचालक डॉ. रूही हक प्रदान किये। इस अवसर पर वन विहार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर