मप्रः मौसम साफ होते ही फिर बढ़ने लगा तापमान, स्वास्थ्य विभाग ने लू से बचाव के लिए जारी की एडवाइजरी

 


सीहोर, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में पिछले चार दिनों तक विभिन्न क्षेत्रों में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद रविवार को मौसम साफ हो गया है और तेज धूप निकलने से तापमान भी बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बढ़ते हुए तापमान से स्वास्थ्य पर होने वाले दुष्प्रवभावों से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।

सीहोर के सीएमएचओ डॉ सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि इस संबंध में जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रभारी अधिकारियों को सतत निगरानी एवं उपचार के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी स्वास्थ्य कर्मियों का उन्मुखीकरण भी किया जा रहा हैं। सभी स्वास्थ्य संस्थाओं के अधिकारियों को आने वाले मरीजो की लू के लक्षणों की जांच करने, उचित प्रबंधन करने, ठंडे पेयजल की व्यवस्था करने तथा वार्ड में शीतलता के लिए पंखों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

सीएमएचओ डॉ डेहरिया ने बताया कि तेज धूप एवं ज्यादा देर तक रहना लू लगने का प्रमुख कारण होता है। इससे शरीर में पानी की कमी हो जाती है जिससे इलेक्ट्रोराइड का असंतुलन हो जाता हैं। उन्होंने बताया की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में एक हीट स्ट्रोक मैनेजमेंट यूनिट बनाई जा रही हैं एवं गर्मी से संबंधित बीमारी से बचाव के लिए आवश्यक दवाइयां संस्थाओं में उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में ओआरएस कार्नर बनाए जा रहे हैं। संवेदनशील समूहों जैसे गर्भवती महिला, बच्चों एवं वृद्धजनों के लिए भी अस्पतालों में पर्याप्त व्यवस्थाओं के निर्देश जारी किये गए है।

लू से बचाव के लिए क्या करें

सीएमएचओ डॉ सुधीर डेहरिया ने बताया कि गर्मी के दौरान लू से बचाव के नियमित पानी पीते रहे। धूप में बाहर निकलते समय शरीर को सूती वस्त्रों से ढांक कर रखें और अखबारों एवं सोशल मीडिया पर आने वाले स्वास्थ्य संबंधी समाचारों का अवलोकन करें।

क्या न करें

उन्होंने बताया कि गर्मी के दौरान लू से बचाव के लिए दोपहर 12 बजे से 03 बजे के बीच धूप में न निकलें, इस समय लू लगने की संभावना अधिक होती है। मदिरा, चाय, कॉफी इत्यादि का अत्याधिक सेवन न करें। कोई भी अधिक मेहनत का कार्य करते समय पर्याप्त पानी पीते रहें और डिहाइड्रेशन से बचें। बासे भोजन का सेवन न करें। भीड़भाड़ वाली जगाहों पर जाने बचें। इसके साथ ही लू के लक्षण दिखाई देने पर अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर