शिवपुरीः करैरा तहसील में आत्मदाह का प्रयास, जमीन बंटवारे को लेकर हंगामा

 




शिवपुरी, 26 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की करैरा तहसील के ग्राम थनारा हल्का क्षेत्र में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहे न्यायालयीन प्रकरण के दौरान गुरुवार को तहसील परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब कमल किशोर पाठक ने अपने परिवार सहित नायब तहसीलदार के चेंबर में कथित रूप से पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। प्रशासनिक सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, जमीन बंटवारे से संबंधित मामला नायब तहसीलदार अशोक श्रीवास्तव की अदालत में विचाराधीन है। गुरुवार को इस प्रकरण की सुनवाई निर्धारित थी। इसी दौरान कमल किशोर पाठक अपने परिवार के साथ तहसील कार्यालय पहुंचे और कथित रूप से पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को तत्काल नियंत्रित कर लिया।

घटना के बाद संबंधित पक्ष ने प्रशासनिक अमले पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। पीड़ित पक्ष का कहना है कि जमीन बंटवारे के मामले में उनसे कथित रूप से रिश्वत की मांग की जा रही है। उनका आरोप है, “एक प्लॉट बाबू मांग रहा है, एक प्लॉट पटवारी मांग रहा है, आखिर हम किस-किस को पैसे दें?” हालांकि, कमल किशोर पाठक ने यह भी बताया कि तहसीलदार कल्पना शर्मा ने उन्हें आश्वासन दिया है कि उनके साथ न्याय होगा। उन्होंने कहा कि वे तहसीलदार के आश्वासन से संतुष्ट हैं और उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है।

वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जब करैरा एसडीएम अनुराग निगवाल से मीडिया ने बातचीत की तो उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन बंटवारे का मामला न्यायालय में विचाराधीन है और अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। एसडीएम के अनुसार सुनवाई के दौरान संबंधित पक्ष द्वारा आत्मदाह का प्रयास किया गया, जो प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि प्रकरण विधि अनुसार प्रक्रिया में है और अभी जमीन का बंटवारा नहीं हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा