इंदौर से उड़ान भरने से पहले अबूधाबी की फ्लाइट में आई तकनीकी दिक्कत, डेढ़ घंटे बाद हुई रवाना

 


- पहले निरस्त होने की सूचना से भड़के यात्री, एयरपोर्ट पर किया हंगामा

इंदौर, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल से बुधवार सुबह अबूधाबी के लिए रवाना होने वाली अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में अचानक तकनीकी समस्या आ गई। इसके बाद विमान निरस्त होने की सूचना यात्रियों को दी गई, जिससे एयरपोर्ट पर नाराजगी बढ़ गई और कुछ देर हंगामे की स्थिति बन गई। बाद में तकनीकी समस्या दूर होने पर विमान को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक फ्लाइट को बुधवार सुबह 8:30 बजे उड़ान भरनी थी। लेकिन इमिग्रेशन और तकनीकी समस्याओं के चलते यात्रियों को पहले उड़ान रद्द होने की जानकारी दी गई। अचानक मिली इस सूचना से यात्री नाराज हो गए और उन्होंने एयरपोर्ट पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। बाद में विमान में आई तकनीकी दिक्कतों को ठीक किया गया। इसके बाद सुबह करीब 10 बजे फ्लाइट ने अबूधाबी के लिए उड़ान भरी।

इंदौर विमानतल के जनसम्पर्क अधिकारी रामस्वरूप यादव ने बताया कि उड़ान भरने से पहले विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी विशेषज्ञों ने विमान की कमियों को दूर करने का कार्य तुरंत प्रारंभ किया। खराबी पूरी तरह ठीक होने के पश्चात विमान को सुबह 10 बजे अबूधाबी के लिए सफलतापूर्वक रवाना कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर