गुरुजन जीवन को सफल और सार्थक बनाते हैं : मंत्री सिलावट
- महर्षि सांदीपनि पर्व एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव में गुरुजनों और मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
ग्वालियर, 29 जुलाई (हि.स.)। गुरुजन हमारे जीवन को सफल और सार्थक बनाते हैं। इसलिए भारतीय संस्कृति में गुरुजनों को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। इसी भावना के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए प्रदेशभर के सांदीपनि विद्यालयों में गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा मनाया गया।
यह बात मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं ग्वालियर जिले के प्रवारी तुलसीराम सिलावट ने कही। वे बुधवार को मलगढ़ा स्थित सांदीपनि कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्वालियर में आयोजित महर्षि सांदीपनि पर्व एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव में छात्राओं और गुरुजनों को संबोधित कर रहे थे।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट गुरुजनों तथा बोर्ड परीक्षाओं में मेरिट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रभारी मंत्री सिलावट एवं अन्य अतिथियों ने सम्मानित किया। साथ ही नव नियुक्त शिक्षकों को प्रमाण-पत्र सौंपकर स्कूल शिक्षा विभाग में उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विधायक मोहन सिंह राठौर, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष प्रियंका घुरैया, कलेक्टर रुचिका चौहान, जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत, संभागीय संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा हरिओम चतुर्वेदी, जिला शिक्षा अधिकारी स्वीटी मंगल, विद्यालय की प्राचार्य मनोरमा नायर एवं शिव सिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन थे।
मंत्री सिलावट ने छात्राओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे बड़ा और व्यापक सोचें तथा गुरुजनों के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत कर अपने लक्ष्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का जो संकल्प लिया गया है, उसे साकार करने में युवाओं और गुरुजनों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के सपनों को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सिलावट ने यह भी कहा कि भारत सरकार की नई शिक्षा नीति को लागू करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है।
विधायक मोहन सिंह राठौर ने कहा कि गुरुजन हमें केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाते हैं। गुरुजन केवल सफल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि श्रेष्ठ नागरिक का भी निर्माण करते हैं। इसी कारण भारतीय संस्कृति में गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के लिए गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया जाता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा महर्षि सांदीपनि एवं माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनोहारी प्रस्तुति दी। मलगढ़ा स्थित सांदीपनि कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहित जिले के सभी सांदीपनि विद्यालयों में 15 से 29 जुलाई तक गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा मनाया गया।
प्रभारी मंत्री ने की गुरुजनों के सम्मान की अनूठी पहल
प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने गुरु पूर्णिमा महोत्सव में अनूठी मिसाल प्रस्तुत की। उन्होंने गुरुजनों को मंच पर बुलाने के बजाय स्वयं उनके पास पहुँचे और शॉल, श्रीफल व पुष्पहार से गुरुजनों को सम्मानित किया। इतना ही नहीं, उन्होंने स्वयं तथा मंचासीन अन्य अतिथियों का स्वागत भी नहीं कराया। सिलावट ने कहा कि आज गुरु पूर्णिमा है और यह गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट करने का दिन है। इसलिए सभी अतिथि अपना सम्मान कराने के बजाय गुरुजनों का सम्मान करेंगे।
महर्षि सांदीपनि पर आधारित लघु नाटिका में दिखाई गुरु की महिमा
विद्यालय की छात्राओं ने महर्षि सांदीपनि पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत कर गुरुओं की महत्ता का प्रभावी चित्रण किया। नाटिका में दर्शाया गया कि भगवान श्रीकृष्ण अपने बड़े भाई बलराम के साथ महर्षि सांदीपनि के आश्रम पहुँचकर एक सामान्य बालक की तरह गुरू के श्रीचरणों में नतमस्तक होकर शिक्षा ग्रहण करने का आग्रह करते हैं।
छात्राओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी को मिली सराहना
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सांदीपनि विद्यालय ग्वालियर की छात्राओं द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस प्रदर्शनी में जल शोधन संयंत्र, रॉकेट लॉन्चर, शारीरिक संरचना, भू-गर्भीय घटनाएं, कंप्यूटर, एआई तकनीक इत्यादि के एक से एक बढकर मॉडल सजाए गए थे। प्रभारी मंत्री सिलावट सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
मध्यान्ह भोजन में बालिकाओं के साथ बैठकर लिया सुरुचि भोज का आनंद
मंत्री सिलावट सहित अन्य अतिथियों ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विद्यालय में आयोजित सुरुचि भोज में भी भाग लिया। सभी ने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन मंत्र के पश्चात स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रोपे पौधे
प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने गुरु पूर्णिमा महोत्सव के उपरांत विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। उनके साथ विधायक मोहन सिंह राठौर सहित अन्य अतिथियों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने छात्राओं से स्वयं पौधे लगाने तथा अपने परिजनों और मित्रों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाने का संकल्प लेने का भी आग्रह किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर