मप्रः आयुष्मान भारत योजना में धोखाधड़ी करने वाले चिकित्सालयों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई

 


भोपाल, 12 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में राज्य स्वास्थ्य एजेंसी द्वारा गुरुवार को आयुष्मान भारत योजना में धोखाधड़ी करने वाले चिकित्सालयों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की है।

जनसम्पर्क अधिकारी अंकुश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्वास्थ्य एजेंसी द्वारा आयुष्मान भारत “निरामयम्” योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रस्तुत किए गए क्लेमों की नियमित समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में थर्ड पार्टी ऑडिट एजेंसी के माध्यम से लाइफ मेडिसिटी हॉस्पिटल, जबलपुर और ब्रह्मानी हॉस्पिटल, ग्वालियर के क्लेमों का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान संबंधित चिकित्सालयों की पूर्व में प्राप्त शिकायतों एवं पूर्व कार्रवाई का अवलोकन करने पर आयुष्मान योजना अंतर्गत गंभीर वित्तीय एवं प्रक्रियागत अनियमितताएं, मरीजों को गलत श्रेणी में भर्ती करना, मरीजों को गंभीर दर्शाकर अनावश्यक आर्थिक लाभ प्राप्त करना, गलत पैकेज एवं क्लेम प्रस्तुत करना तथा धोखाधड़ी के मामले संज्ञान में आए हैं। उक्त गतिविधियों पर संज्ञान लेते हुए राज्य स्वास्थ्य एजेंसी ने अनियमितताओं की पुनरावृत्ति को देखते हुए दोनों चिकित्सालयों को तत्काल प्रभाव से आयुष्मान भारत “निरामयम्” योजना से निलंबित कर दिया है।

राज्य स्वास्थ्य एजेंसी आयुष्मान भारत योजना के हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की अनियमितता या धोखाधड़ी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अनियमित अस्पतालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए योजनान्तर्गत असम्बद्ध करने की प्रक्रिया भी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर