दक्षिण अफ्रीका में आयोजित 69वें कॉमनवेल्थ संसदीय सम्मेलन में शामिल होंगे सांसद सुधीर गुप्ता
मंदसौर। 10 सितंबर (हि.स.)। मंदसौर-नीमच-जावरा संसदीय क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता को केप टाउन, दक्षिण अफ्रीका में 69वें कॉमनवेल्थ संसदीय सम्मेलन में भारत की ओर से भाग लेने के लिए नामांकित किया गया है।
लोकसभा अध्यक्ष द्वारा सांसद सुधीर गुप्ता का नामांकन किया गया है। यह सम्मेलन 13 से 19 सितंबर 2026 तक केप टाउन, दक्षिण अफ्रीका में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर संसदीय कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें सदस्य देशों के सांसद अपने अनुभव, विचार और संसदीय व्यवस्थाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे।
मंदसौर-नीमच-जावरा संसदीय क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। सम्मेलन में उनकी भागीदारी से उन्हें विभिन्न देशों के संसदीय प्रतिनिधियों के साथ संवाद करने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की लोकतांत्रिक एवं संसदीय व्यवस्था से जुड़े विषयों पर विचार साझा करने का अवसर मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया