मप्र एसटीएसएफ ने सवा साल से फरार अंतरराष्ट्रीय बाघ तस्कर गिरोह के शिकारी को किया गिरफ्तार
भोपाल, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में बाघों के शिकार एवं उनके अवयवों की अंतरराष्ट्रीय तस्करी में संलिप्त संगठित गिरोह के विरुद्ध चल रही कार्रवाई दौरान स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएसएफ ने लगभग एक वर्ष 3 माह से फरार कटनी निवासी कुख्यात शिकारी बबलू उर्फ पूनमलाल पारधी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि वन्यजीव मुख्यालय के निर्देश पर बालाघाट क्षेत्र में बाघ के शिकार, उसकी खाल एवं हड्डियों की अवैध खरीद-फरोख्त तथा असम और मिजोरम के माध्यम से म्यांमार होते हुए अन्य देशों तक तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में पहले ही हरियाणा, मेघालय और मिजोरम से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि प्रकरण में शामिल छठवें आरोपी एवं फरार शिकारी पूनमलाल पारधी की तलाश में जुटे एसटीएसएफ को मुखबिर तंत्र से उसके अनूपपुर के आसपास होने का सुराग मिला। एसटीएसएफ के विशेष दलो को इन क्षेत्रों में भेजा गया। एसटीएसएफ की जबलपुर इकाई ने गत दिवस आरोपी पूनमलाल को अनूपपुर जिले के कोतमा रोड स्थित एनएच-43 पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिसके कारण उसकी गिरफ्तारी चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी।
गिरफ्तार आरोपी को विशेष न्यायालय, जबलपुर में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने आरोपी को सात दिन की फॉरेस्ट रिमांड पर एसटीएसएफ के सुपुर्द कर दिया है। बताया गया है कि पूनमलाल पारधी कुख्यात बाघ शिकारी अजीत पारधी का भाई है और चर्चित शिकारी एवं तस्कर गिटिया और एकीलाल का चाचा है। मामले में विस्तृत विवेचना जारी है तथा अंतर्राष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर