मप्रः राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 का आयोजन 7 से 12 सितंबर तक
- परीक्षा केंद्रों पर नवीन त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया लागू, निर्धारित समय से 90 मिनट पूर्व पहुंचना अनिवार्य
इंदौर, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 का आयोजन 7 से 12 सितंबर 2026 तक कुल छह दिनों में किया जाएगा। परीक्षा एक सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रदेश के 12 संभाग/जिला पर ऑफलाइन पद्धति से आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार संभागीय मुख्यालय इंदौर के कुल 06 परीक्षा केन्द्र बनाये गए है, जिसमें कुल 2428 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
आयोग द्वारा सोमवार को जानकारी दी गई कि परीक्षा के सफल, निर्विघ्न एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए म.प्र. लोक सेवा आयोग द्वारा परीक्षा केंद्रों पर नवीन त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया लागू की गई है। इस प्रक्रिया के तहत परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी सर्विलेंस, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग, एचएचएमडी के माध्यम से तलाशी तथा वीओआईपी की व्यवस्था की गई है। आयोग द्वारा परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों की त्रिस्तरीय जांच की जाएगी। इस संबंध में परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशानुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से 90 मिनट पहले अनिवार्य रूप से पहुंचना होगा। परीक्षार्थियों को इन निर्देशों का पूर्णतः पालन करना होगा। परीक्षार्थियों की एचएचएमडी के माध्यम से फ्रिस्किंग (तलाशी) की जाएगी। पुरुष परीक्षार्थियों की जांच पुरुष वीक्षकों द्वारा तथा महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला वीक्षकों द्वारा निर्धारित केबिन में की जाएगी। ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को अपनी फ्रिस्किंग महिला अथवा पुरुष कर्मी से करवाने का विकल्प दिया जाएगा।
आयोग द्वारा परीक्षार्थियों को परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर अपने साथ केवल बॉल पेन, पानी की एक पारदर्शी बोतल, ई-प्रवेश पत्र एवं आईडी कार्ड ला सकेंगे। आवश्यक दवाइयां भी साथ लाने की अनुमति होगी।
आयोग द्वारा परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें और नवीन जांच प्रक्रिया एवं सभी निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा को सुचारू एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर