(अपडेट) मप्र में आज कड़ी सुरक्षा के बीच राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन

 




भोपाल, 26 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग इन्दौर द्वारा राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 आज रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही हैं। राज्य के 54 जिला मुख्यालयों में कुल 365 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे एवं दोपहर 02.15 बजे से शाम 04.15 बजे तक दो सत्रों में आयोजित की जा रही है।

आयोग द्वारा परीक्षा के संबंध में नवीन प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक परीक्षा केन्द्र प्रवेश के दौरान बायोमेट्रिक्स प्रमाणीकरण, प्रवेश पत्र की स्केनिंग, एचएचएमडी के माध्यम से तलाशी प्रारंभ की गई है। इन नवीन प्रक्रिया में समस्त परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थी को परीक्षा के समय से 90 मिनिट पूर्व पहुचना होगा। परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थियो की त्रिस्तरीय जॉच की जाएगी। परीक्षा केन्द्र के प्रवेश द्वार के समीप अनुमत एवं वर्जित वस्तुओं की जानकारी चस्पा होगी, जिसका पूर्णतः पालन किया जाएगा।

परीक्षा के नोडल अधिकारी विनोद सिंह ने बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटा पहले परीक्षा केन्द्र पर पहुँचना होगा। उन्होंने बताया कि प्रात: 9.45 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जायेगा।

परीक्षार्थियों की एचएचएमडी के माध्यम से दोनों सत्रों में जॉच (फ्रिस्किंग) की जाएगी। महिला परीक्षार्थियों की जॉच महिला वीक्षक द्वारा (केबिन) में की जाएगी। इसके साथ ही ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों के पास विकल्प होगा कि वह अपनी फिस्किंग महिला अथवा पुरूष कर्मचारी से करवाना चाहते है। परीक्षार्थी स्वयं के साथ केवल बॉलपेन, एक पानी की पारदर्शी बॉटल, ई-प्रवेश पत्र व आईडी कार्ड साथ मे ला सकते है।

नोडल अधिकारी विनोद सिंह ने बताया कि परीक्षा कक्ष में पेंसिल, रबर (इरेजर), व्हाइटनर, स्केल, बैग्स व पठन सामग्री नहीं ले जाई जा सकेगी। इसी तरह मोबाइल फोन, पेनड्राइव, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, हैंडफ्री, डिजिटल घड़ी, स्मार्ट घड़ी, एनालॉग घड़ी एवं अन्य ऐसे इलेक्ट्रोनिक उपकरण जो संचार उपकरण के रूप में उपयोग किए जा सकते हैं, वे भी प्रतिबंधित रहेंगे। बालों को बांधने वाले क्लचर, बक्कल, हाथ के बैंड, हाथ में पहने जाने वाले मैटेलिक बैंड, चमड़े के बैंड, कमर में पहने जाने वाले बैल्ट, कफलिंक, धूप का चश्मा, पर्स व वॉलेट एवं टोपी भी प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा चाबी, लाइटर्स, शार्पनर, ब्लैड तथा अन्य कीमती सामान प्रतिबंधित रहेंगे। जूते-मोजे पहनकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश निषिद्ध रहेगा।

अभ्यर्थी चप्पल और सेंडल पहनकर परीक्षा कक्ष में आ सकेंगे। हिजाब, पगड़ी, पल्ला, हाथ में बंधे धागे व बंधन (कलावा), ताबीज एवं अन्य धार्मिक मान्यता की वस्तुओं का सम्मानपूर्वक सूक्ष्मता से परीक्षण किया जायेगा। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी पूरी गरिमा के साथ महिला शासकीय सेवकों द्वारा की जायेगी। धार्मिक धागे व महिलाओं के आभूषण उतारे नहीं जायेंगे। महिला अभ्यर्थियों के दुपट्टे व चुन्नियां भलीभांति जांच के बाद तुरंत वापस की जायेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर