समाज के वंचित वर्ग के बच्चों के साथ खड़ा होना दायित्व ही नहीं, सामाजिक जिम्मेदारी भीः मंत्री सिलावट

 


- सेवा कार्यक्रम में मंत्री सिलावट और सांसद लालवानी ने निराश्रित बच्चों को फल, स्कूल सामग्री एवं पानी की बोतलें वितरित कीं

इंदौर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के निराश्रित बच्चों के साथ खड़ा होना केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का भी परिचायक है। ऐसे सेवा कार्य समाज में आपसी सहयोग, करुणा, अपनत्व और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं।

मंत्री सिलावट ने यह बातें रविवार को इंदौर में सेवा कार्यक्रम के दौरान कही। दरअसल, प्रदेश में सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में 'सेवा मेरा योगदान अभियान' एवं 'सेवा संकल्प अभियान-2026' के अंतर्गत रविवार को राजकीय बाल संरक्षण आश्रम, मुराई मोहल्ला, छावनी इंदौर में सेवा गतिविधि का आयोजन किया गया।

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं सांसद शंकर लालवानी ने आश्रम में निवासरत निराश्रित एवं जरूरतमंद बच्चों के साथ आनंदोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता की तथा बच्चों को फल, स्कूल सामग्री एवं पानी की बोतलें वितरित कीं। इस अवसर पर मंत्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश में सेवा और जनकल्याण की भावना को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि 'सेवा मेरा योगदान' एवं 'सेवा संकल्प अभियान' जैसे प्रयास समाज के प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। सेवा के लिए किया गया छोटा-सा योगदान भी किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ी खुशी और नई उम्मीद का संचार कर सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताना और उनकी आवश्यकताओं में सहयोग करना समाज के प्रति हमारी संवेदनशीलता को प्रदर्शित करता है।

सांसद शंकर लालवानी ने भी बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशियां लाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मकता और सहयोग की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।

कार्यक्रम का उद्देश्य आश्रम में निवासरत बच्चों के साथ आत्मीय समय बिताना, उनकी आवश्यकताओं में सहयोग प्रदान करना तथा उनके जीवन में खुशियां एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना रहा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बच्चों से बातचीत कर उनकी भावनाओं को समझा तथा उन्हें शिक्षा और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, क्षेत्रीय वार्ड पार्षद पंखुरी जैन डोसी, जिला कार्यक्रम अधिकारी रजनीश सिन्हा एवं अधीक्षक मीनाक्षी हरवंश ने आश्रम में उपस्थित बच्चों को फल, स्कूल सामग्री एवं पानी की बोतलें वितरित कीं। सभी ने बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और उनके बेहतर एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में अभियान से जुड़े पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा, सहयोग और संवेदना के साथ जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर