मंदसौरः सांसद खेल महोत्सव का हुआ शुभारंभ, जिले के सभी संकुलों पर आयोजित होंगी विविध खेल गतिविधियाँ
मंदसौर, 12 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर संसदीय क्षेत्र में शुक्रवार को सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को उत्कृष्ट मंच प्रदान करना, उनकी प्रतिभा को निखारना तथा खेलों के प्रति उत्साह और खेलभावना को बढ़ावा देना है।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि, सांसद खेल महोत्सव में कुल आठ प्रमुख खेल शामिल किए गए हैं, जिनमें कबड्डी, खो-खो, रस्सा-कस्सी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, मैराथन सहित विभिन्न क्षेत्रीय खेलों का समावेश है। जिलेभर के खिलाड़ी उत्साहपूर्वक विभिन्न स्तरों पर आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं। महोत्सव का आयोजन तीन चरणों में निर्धारित किया गया है—12 से 20 दिसंबर 2025 : सभी संकुल स्तर पर प्रतियोगिताएँ। 21 से 23 दिसंबर 2025 : विधानसभा स्तर पर आयोजन। 24 एवं 25 दिसंबर 2025 : लोकसभा स्तर पर प्रतियोगिताएँ आयोजित होगी। 25 दिसंबर को मुख्य कार्यक्रम के साथ सांसद खेल महोत्सव का समापन किया जाएगा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया