मप्रः छतरपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को रौंदा, दो बहनों समेत 3 की मौत, 5 घायल

 


छतरपुर, 24 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में रविवार शाम को एक तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को रौंद दिया। इस हादसे में एक ही परिवार की दो सगी बहनों समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच अन्य लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर है।

पुलिस के अनुसार, ईशानगर थाना क्षेत्र के ग्राम हतनाई निवासी करंजू आदिवासी का परिवार रिश्तेदारी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर रविवार शाम को ई-रिक्शा से अपने घर लौट रहा था। वाहन में कुल 6 परिजन और एक अन्य यात्री सवार थे। इसी दौरान मातगुवां के पास बिजावर रोड पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (एमपी 16, एच 1679) ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच अन्य घायलों को तुरंत छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में सुमन (17), उसकी छोटी बहन सोमवती (10) और एक अन्य यात्री राजकुमार की मौत हो गई। कन्हैया आदिवासी, भूरा आदिवासी, गेंदाबाई और किसन पिता दशरथ आदिवासी समेत पांच लोग घायल हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सड़क पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर