मप्रः भाईदूज/यम द्वितीया पर भगवान श्री चित्रगुप्त मंदिर में विशेष पूजन

 


- मंत्री सारंग ने मंदिर में किया पूजन-अर्चन

भोपाल, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाईदूज/यम द्वितीया के अवसर पर गुरुवार को कोटरा स्थित श्री राम जानकी चित्रगुप्त मंदिर में मां ईरावती चित्रगुप्त संस्कृति एवं सामाजिक न्यास के तत्वाधान में भगवान श्री चित्रगुप्त जी का विशेष पूजन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सम्मिलित होकर भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। मंत्री सारंग ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त न्याय, सत्य और कर्म के प्रतीक हैं। उनकी कृपा से समाज में सदाचार, ज्ञान और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। भगवान चित्रगुप्त की आराधना हमें अपने कर्मों के प्रति सजग रहने और समाज के कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को भाईदूज/यम द्वितीया की शुभकामनाएं देते हुए समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में समाज के 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर उन्हें शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। साथ ही श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया तथा भगवान चित्रगुप्त के प्रतीक स्वरूप कलम भी वितरित की गई जिससे ज्ञान और विद्या के महत्व का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में अजय श्रीवास्तव नीलू, प्रबंध न्यासी ओ.पी. श्रीवास्तव, अध्यक्ष राजेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर