मप्रः विश्व पर्यावरण दिवस पर आज होंगी विशेष ग्राम सभाएं
भोपाल, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में विश्व पर्यावरण दिवस पर सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। पंचायतराज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम के प्रावधानों के तहत इन ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है।
रीवा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने बताया कि आज विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभाओं में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम में नीम, पीपल, बरगद, आम जैसे पौधे रोपित कराएं। ग्राम सभा में नवकरणीय ऊर्जा, पेयजल व्यवस्था, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के संबंध में प्रस्ताव रखे जाएंगे। ग्राम सभाग में जल गंगा संवर्धन अभियान की उपलब्धियों तथा व्हीबी जीरामजी योजना की जानकारी दी जाएगी।
ग्राम सभा में प्राकृतिक खेती, ई विकास प्रणाली, गर्भवती महिलाओं तथा शिशुओं की स्वास्थ्य रक्षा, आयुष्मान भारत योजना, कुपोषण पर नियंत्रण सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। निर्धारित एजेण्डा के अनुसार सभी ग्राम सभाओं में प्रस्ताव पारित कराए जाएंगे। ग्राम सभाओं के आयोजन के बाद फोटोग्राफ सहित प्रतिवेदन जिला पंचायत कार्यालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर