मप्र में अनुकंपा नियुक्ति के लिए चलाया जाएगा विशेष अभियान
- सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किए आदेश
भोपाल, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरूप वर्षों से लंबित अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों को विशेष अभियान चलाकर निराकृत किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को आदेश जारी कर प्रदेश के सभी विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को विशेष अभियान चलाकर लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
आदेश में कहा गया है कि प्रदेश में विभिन्न विभागों, संभाग स्तर एवं जिला स्तर के कार्यालयों में अनुकंपा नियुक्ति संबंधी अनेक प्रकरण पद उपलब्ध न होने से लंबित हैं। विगत कुछ दिवसों में विशेष अभियान संचालित कर वृहद स्तर पर पदोन्नतियां की जाने से अब प्रत्येक संवर्ग में पर्याप्त पद उपलब्ध हो गए होंगे। इस स्थिति का लाभ उठाते हुए विशेष अभियान चलाकर विभाग के अंतर्गत लंबित समस्त अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का निराकरण किया जाए।
अनुकंपा नियुक्ति योजना के तहत शासकीय सेवक की सेवा के दौरान मृत्यु होने पर उसके आश्रित को नौकरी दी जाती है। राज्य सरकार के इस कदम से अब अनेक परिवारों को संबल मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर