मप्रः विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने किया वरिष्ठ पत्रकार कल्याण संघ की स्मारिका का विमोचन
भोपाल, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने रविवार को विधानसभा के सम्मेलन कक्ष में वरिष्ठ पत्रकार कल्याण संघ की स्मारिका का विमोचन किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने संसदीय और पत्रकारिता के क्षेत्र में अध्ययन की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए अपेक्षा की कि दोनों क्षेत्रों में अध्ययन की प्रवृति बढ़ना चाहिए। अध्ययन की कमी से न तो विषयों का प्रभावी प्रवर्तन हो पाता है और न ही विधायिका के सदनों में सार्थक सारगर्भित चर्चा हो पाती है। इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष हरिमोहन मोदी और महासचिव वीरेंद्र सिन्हा ने तोमर को एक ज्ञापन प्रस्तुत किया और अपेक्षा की कि वे समस्याओं के समाधान के लिए शासन को निर्देशित करेंगे।
इस संक्षिप्त कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने पत्रकारों के साथ विधानसभा की कार्यप्रणाली पर विमर्श किया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। उन्होंने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि शासन पत्रकारों की सुरक्षा के संबंध में कानून बनाने के लिए गंभीरता से विचार कर रहा है। विधासभा के पुरस्कारों पर भी विचार चल रहा है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकारगण कैलाश गौड, चन्द्रहास शुक्ल, एनपी अग्रवाल, रामेश्याम अग्रवाल, भूपेन्द्र निगम, गिरीश उपाध्याय, शिव हर्ष सुहालका, दिनेश चन्द्र जोशी, संजय प्रकाश शर्मा, वीरेन्द्र सिन्हा, प्रेम नारायण प्रेमी, विनोद श्रीवास्तव, प्रवीण शुक्ला, पुरुषोतम सोढ़ानी, बालमुकुन्द भारती, आत्मदीप, सनत कुमार जैन, विश्वंभर शुक्ल एवं विजय दास उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर