सिंगरौलीः बैंक डकैती मामले में दो आरोपी बिहार से गिरफ्तार, 61 ग्राम सोना व 15 लाख रुपये नगद बरामद

 


सिंगरौली, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिला मुख्यालय स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में शुक्रवार को हुई डकैती के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से 61 ग्राम सोना और 15 लाख रुपये नगद बरामद कर लिये हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

शुक्रवार को पांच बदमाश बैंक से 15 करोड़ का सोना और 20 लाख रुपए कैश ले गए थे। इनमें तीन बदमाशों के चेहरे सीसीटीवी में कैद हो गए थे। सिंगरौली की प्रभारी मंत्री संपतिया उइके ने बताया कि डकैतों की तस्वीरें पड़ोसी राज्यों छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड में भेजी गई थीं। बिहार के औरंगाबाद रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक महिला पुलिस अधिकारी ने एक संदिग्ध को देखा, जिसका हुलिया डकैतों की तस्वीरों से हूबहू मेल खाता था। महिला पुलिस अधिकारी ने जीआरपी की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस व्यक्ति से मिली जानकारी के आधार पर दूसरे संदिग्ध को भी पकड़ लिया गया। औरंगाबाद सिंगरौली से लगभग 260 किलोमीटर की दूरी पर है। पुलिस को शक है कि आरोपी औरंगाबाद ही भागे हैं।

सिंगरौली के पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि बिहार से गिरफ्तार आरोपी के पास से 61 ग्राम सोना और 15 लाख 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 10 टीमें अलग-अलग राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने जल्द सभी आरोपियों को पकड़ने का दावा किया गया है।

दरअसल, सिंगरौली के बैढ़न में विंध्य नगर रोड पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र की ब्रांच है। यह व्यस्ततम इलाका है। आसपास बड़ी-बड़ी दुकानें, कपड़े और जूते की कंपनियों के शोरूम हैं। शुक्रवार दोपहर माहौल सामान्य था। बैंक में भी सात ग्राहक मौजूद थे। सभी अपने-अपने काम से आए थे। दोपहर करीब 12 बजकर 50 मिनट पर दो लोग बैंक के अंदर आए। उन्होंने इधर–उधर कुछ देखा। दो मिनट बाद तीन लोग और आ गए। इनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था। तीन के पास पिस्टल और बाकी दो के पास कट्‌टा था। सभी ने हथियार निकाले और धमकी देते हुए ग्राहक व कर्मचारियों पर कट्‌टा तान दिया। सभी से मोबाइल फोन एक जगह नीचे रखवा दिया। दो-तीन लोगों ने नहीं रखे तो हवाई फायर कर दिया। डर के मारे उन्होंने भी फोन रख दिए। सभी ग्राहकों को दीवार किनारे सिर झुकाकर बैठा दिया। दोनों हाथ सिर पर रखने के लिए कहा।

एक बदमाश मेन गेट पर खड़ा हो गया। दो लोग ग्राहकों के पास पिस्टल अड़ाकर बैठ गए। मैं भागने की फिराक में था तो मुझे पिस्टल से मारा। चौथा बदमाश बैंक मैनेजर के चैंबर में गया। महिला मैनेजर की कनपटी पर कट्‌टा अड़ा दिया, जबकि पांचवां बदमाश कैशियर के पास पहुंचा। उसने धमकी देकर कैशियर से पेटी में रखा कैश निकलवाया। फिर अपने पिट्‌ठू बैग से कपड़े का झोला निकाला। नोटों की गडि्डयां उसमें भर लीं। चौथे बदमाश ने बैंक मैनेजर से लॉकर की चाबी मांगी। मैनेजर ने कहा कि कस्टमर के लॉकर हैं, उन्हीं के पास चाबी है। हम नहीं खोल पाएंगे।

बदमाश ने कहा कि तुम छत्तीसगढ़ की हो, तुम्हारा घर मुझे पता है। मैं तुम्हें वहीं आकर गोली मारूंगा। मुझे पता है, कौन सा लॉकर है। मुझे गोल्ड लोन वाले लॉकर की चाबी दो। वो तुम्हारे पास है। मैनेजर नहीं मानी तो उसे थप्पड़ मारा। कनपटी पर कट्‌टा अड़ाकर बोला कि देती हो या भेजा उड़ा दूं। डर कर मैनेजर ने बदमाश को पांच चाबियों का गुच्छा दे दिया। ये चाबियां उन लॉकर्स की थीं, जिनमें गोल्ड लोन वाला सोना रखा था। बदमाश मैनेजर को पिस्टल की नोक पर स्ट्रॉन्ग रूम तक ले गए। स्ट्रॉन्ग रूम खुलवाया। बदमाशों को लॉकर के बारे में पूरी जानकारी थी। एक पेटी में करीब ढाई किलो सोना था। आरोपियों ने पांचों लॉकर खोले। इधर, पांचवां शख्स कैश वाला झोला लेकर पहुंच गया। एक बदमाश लॉकर खोल रहा था तो दूसरा जेवरों को झोले में भर रहा था।

चश्मदीदों ने बताया कि गेट पर खड़ा शख्स आने वाले लोगों को अंदर तो जाने दे रहा था, लेकिन उन्हें मोबाइल रखवाकर दीवार से सटकर बिठा देता, जिससे वो शोर नहीं मचाएं। इस दौरान तीन लोग अंदर गए थे। पांचों बदमाश दो अपाचे बाइक से आए थे। इनमें एक नीले रंग और दूसरी सफेद रंग की थी। हालांकि, बाइक नंबर स्पष्ट नहीं दिख रहा है। वारदात के बाद एक बाइक पर तीन और दूसरी बाइक से दो बदमाश भाग गए।

सिंगरौली पुलिस ने बलंगी थाने तक आरोपियों को ट्रैक किया है। पुलिस इसी रूट पर सीसीटीवी भी देख रही है। मस्जिद तिराहे पर भागते हुए एक बदमाश का कट्‌टा गिर गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर दिया। पता चला है कि आरोपियों ने मैनेजर से सीसीटीवी का डीवीआर निकलवा भी लिया था, लेकिन अफरा-तफरी में उसे ले जाना भूल गए।

चश्मदीदों ने पुलिस को आरोपियों का हुलिया भी बताया है। इसके मुताबिक सभी आरोपी दुबले-पतले हैं। एक के सिर पर लंबे बाल हैं। आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था, वह छोटे कद का था। यही शख्स सभी को इंस्ट्रक्शन दे रहा था। बाकी बदमाश उसी की बात मान रहे थे। सभी आरोपी आपस में बिहारी टोन में बात कर रहे थे। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने कई दिन तक रेकी की है, क्योंकि वारदात के अंदाज से लग रहा है कि गोल्ड कहां रखा है। इसके बारे में उन्हें पता था। महिला मैनेजर के बारे में भी जानकारी ले ली थी।

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि बिहार पुलिस ने दो आरोपियों को औरंगाबाद से पकड़ा है। एक अन्य आरोपी के झारखंड में छिपे होने की जानकारी मिली है। बदमाशों की गिरफ्तारी पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया है। सिंगरौली पुलिस बिहार पहुंच रही है। पुलिस ने नाम का खुलासा नहीं किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर