सिंहस्थ के कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मॉनीटरिंग सिस्टम को बनाएं अधिक प्रभावी : मनोहर लाल

 


- केंद्रीय मंत्री ने की ऊर्जा विभाग, स्वच्छ भारत मिशन और सिंहस्थ : 2028 की तैयारियों की समीक्षा

भोपाल, 19 जून (हि.स.)। केन्द्रीय ऊर्जा, शहरी विकास एवं आवासन मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सिंहस्थ : 2028 के लिए नगरीय विकास विभाग द्वारा स्वच्छता, पेयजल, भोजन व्यवस्था, सुरक्षा, परिवहन तथा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किए जाएँ। कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मॉनिटरिंग सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाएं।

केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल ने यह निर्देश शुक्रवार शाम को उज्जैन प्रवास के दौरान कलेक्टर कार्यालय में ऊर्जा एवं स्वच्छ भारत मिशन की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे।

बैठक में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों की भी समीक्षा करते हुए केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सिंहस्थ महापर्व राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व का आयोजन है, इसलिए सभी व्यवस्थाएँ उसी स्तर के अनुरूप सुनिश्चित की जाएँ।

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, उपयोग किए जा चुके जल के पुनर्प्रबंधन तथा शौचालय निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश की सभी 16 स्मार्ट सिटीज़ में स्वच्छता के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रभावी आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) मॉडल विकसित कर डिजिटल माध्यमों से जन-जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों की आवश्यकता का सर्वे कर वास्तविक मांग के अनुसार स्वीकृति प्रस्ताव भेजने तथा सामुदायिक शौचालयों की स्वच्छता एवं रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को और अधिक प्रभावी बनाएं। विद्युत वितरण एवं परिचालन क्षेत्र की समीक्षा के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम अंतर्गत शासकीय देयकों एवं सब्सिडी भुगतान को संबंधित वित्तीय वर्ष में ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर