मध्य प्रदेश ने निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने में हासिल की उल्लेखनीय उपलब्धियां : मंत्री काश्यप

 




- प्लास्ट पैक-2026 में शामिल हुए मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप, 450 से अधिक प्रदर्शकों की सहभागिता बनी आकर्षण का केंद्र

इंदौर, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। पिछले तीन वर्षों में निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की दिशा में प्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

मंत्री काश्यप रविवार को इंदौर में चल रहे इंडियन प्लास्ट पैक फोरम द्वारा आयोजित प्लास्ट पैक-2026 प्रदर्शनी में उपस्थित उद्यमियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्लास्ट पैक-2026 का महत्वपूर्ण आयोजन युवाओं, उद्यमियों और औद्योगिक क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इस आयोजन की प्रदर्शनी में लाइव मशीनों का प्रदर्शन किया जा रहा है तथा 450 से अधिक प्रदर्शकों की सहभागिता है।

उन्होंने कहा कि हजारों लोगों की सहभागिता इस आयोजन की लोकप्रियता और औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ती रुचि को दर्शाती है। इस तरह के आयोजन तकनीक को उद्योगों तक पहुंचाने, सफल उद्यमों को प्रोत्साहित करने और नए व्यावसायिक अवसर विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। राज्य सरकार की मंशा है कि उद्योगों के अनुकूल नीतियां बनाकर निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित किए जाएं।

स्टार्टअप को शुरुआती चरण से लेकर उद्योग स्थापना तक मिलेगा सहयोग

मंत्री काश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के नवाचार और स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्टार्टअप इंडिया के तहत पात्र एवं स्वीकृत स्टार्टअप को शुरुआती एक वर्ष तक 10 हजार रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। इसके अलावा प्रोटोटाइप मॉडल विकसित करने के लिए सब्सिडी तथा उद्योग स्थापना के लिए 20 लाख रुपये तक की अनुदान सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

उन्होंने बताया कि स्टार्टअप को तेजी से आगे बढ़ाने और पूंजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एमपीएमएसएमई लिमिटेड कंपनी का गठन किया गया है। इसके माध्यम से वैकल्पिक निवेश फंड के जरिए स्टार्टअप को बॉन्ड, डेट और इक्विटी के रूप में वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

निजी औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए भी मिलेगी सब्सिडी

मंत्री काश्यप ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को विस्तार देने के लिए इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाएंगे। इसके लिए शासकीय भूमि के साथ निजी डेवलपर्स को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। निजी डेवलपर्स द्वारा औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने पर प्रति वर्गमीटर के मान से निर्धारित सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है। इससे विशेष रूप से प्लास्टिक मोल्डिंग सहित विभिन्न सहायक उद्योगों के विकास को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशा के अनुरूप औद्योगिक नीतियों को अधिक लचीला और व्यावहारिक बनाया जा रहा है, ताकि उद्यमियों की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का लाभ जमीन तक पहुंच सके।

इंदौर को टियर-1 महानगर के रूप में विकसित करने का लक्ष्य

काश्यप ने कहा कि मध्य प्रदेश में ट्रेड फेयर अथॉरिटी के गठन की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके माध्यम से प्रदेश में एक बड़े एग्जीबिशन सेंटर के विकास की योजना है। इंदौर की औद्योगिक और व्यावसायिक संभावनाओं को देखते हुए इसे विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इंदौर का गौरवशाली औद्योगिक इतिहास रहा है। यहां टेक्सटाइल उद्योग ने विशेष पहचान बनाई थी। अब इंदौर को पुनः एक प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य है। इंदौर को टियर-2 शहर से टियर-1 महानगर की दिशा में आगे ले जाने के लिए आधारभूत कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की परिकल्पना के अनुरूप इंदौर, उज्जैन और रतलाम को मिलाकर मेट्रोपॉलिटन रीजन के रूप में विकसित करने की योजना मालवा क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई दिशा देगी। इससे पूरे क्षेत्र का कायाकल्प होगा और मध्य प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। मंत्री कश्यप ने विश्वास व्यक्त किया कि औद्योगिक संगठनों, उद्यमियों और ऐसे आयोजनों के सहयोग से इंदौर सहित पूरे प्रदेश में उद्योगों के विकास और रोजगार सृजन की नई संभावनाएं साकार होंगी।

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, सुमित मिश्रा, पूर्व विधायक जीतू जिराती, प्लास्ट पैक-2026 के अध्यक्ष जाहिद शाह, डॉ. दीप्ति सिंह हाड़ा आदि विशेष रूप से मौजूद थे

कार्यक्रम के प्रारंभ में इंडियन प्लास्ट पैक फोरम के अध्यक्ष सचिन बंसल ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि इंडियन प्लास्ट पैक फोरम (आईपीपीएफ) द्वारा मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के सहयोग से यह आयोजन किया जा रहा है। इस चार दिवसीय एक्सपो में देश के आठ से अधिक राज्यों के 450 से ज्यादा प्रदर्शकों और 500 से अधिक स्टॉल्स वाली इस प्रदर्शनी में प्लास्टिक मैन्युफैक्चरिंग, पैकेजिंग, फार्मास्यूटिकल, कृषि और रीसाइक्लिंग सेक्टर में हो रहे बदलावों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस बार आयोजन की थीम ‘इनोवेशन टुवर्ड्स सस्टेनेबिलिटी, क्रिएटिंग अपॉर्चुनिटी’ रखी गई है। प्रदर्शनी में बायोडिग्रेडेबल और कंपोस्टेबल पैकेजिंग सामग्री, प्लांट बेस्ड मटेरियल, वाटर सॉल्यूबल फिल्म्स और पेपर बेस्ड पैकेजिंग जैसे विकल्प प्रदर्शित किए गए हैं। इन सामग्रियों का उद्देश्य पारंपरिक प्लास्टिक पर निर्भरता कम करने और उपयोग के बाद उनके बेहतर निस्तारण के विकल्प विकसित करना है। प्रदर्शनी में इस्तेमाल किए जा चुके प्लास्टिक से नए औद्योगिक उत्पाद तैयार करने, रिसाइकिल्ड मटेरियल से पैलेट बनाने और बार-बार उपयोग किए जा सकने वाले स्टोरेज बॉक्स एवं कंटेनर जैसी तकनीकों को भी प्रदर्शित किया गया है। यह बदलाव सर्कुलर इकोनॉमी की अवधारणा को मजबूत करता है, जिसमें कचरे को दोबारा संसाधन के रूप में उपयोग किया जाता है। प्रदर्शनी में कृषि क्षेत्र के लिए विकसित प्लास्टिक आधारित तकनीकें भी आकर्षण का केंद्र है। कार्यक्रम को अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर