मप्र के सीधी में चक्काजाम खुलवाने पहुंचे थाना प्रभारी पर हमला, सिर पर कुल्हाड़ी मारी

 




सीधी, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटपरा में सोमवार दोपहर कानून-व्यवस्था संभालने पहुंचे थाना प्रभारी पर ही धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया। वह सड़क पर चक्काजाम खुलवाने पहुंचे थे। इसी दौरान कुल्हाडी से हुए हमले में उनके सिर पर चोट आई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पटपरा में सरकारी रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक पक्ष का आरोप है कि कुछ लोगों ने सरकारी मार्ग पर अतिक्रमण कर रखा है। इस संबंध में कई बार तहसील कार्यालय में आवेदन दिए गए थे। कार्रवाई न होने से नाराज लोगों ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाइश देकर मार्ग खुलवाने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर टांगी (कुल्हाड़ी) और हंसिए से हमला कर दिया। हमले में थाना प्रभारी के सिर पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी था।

अस्पताल के चिकित्सक डॉ. बृजेश पांडे ने बताया कि टीआई के सिर में 12 टांके लगाए गए हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हम लगातार निगरानी कर रहे हैं।

पुलिस ने इस मामले में पांच ग्रामीणों- दिनेश पटेल उर्फ गुंठी, सुनील पटेल, विनय पटेल, प्रीतम पटेल और रितेश उर्फ सिंटू पटेल को नामजद आरोपी बनाया है। आरोप है कि सड़क जाम हटाने से रोकने पर आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट की और थाना प्रभारी पर धारदार हथियार से हमला किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल थाना प्रभारी का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली।

पुलिस अधीक्षक कोरी ने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी लेने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि थाना प्रभारी पर हमला गंभीर मामला है। पांच थानों का पुलिस बल और एसडीओपी को मौके पर भेजा गया है। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर