मप्र के सीधी में अंबेडकर जयंती रैली में झड़प, महिलाओं समेत 4 घायल, भारी पुलिस बल तैनात
- बोलेरो हटाने को लेकर हुआ विवाद, नकाबपोशों ने घर में घुसकर परिवार पर किया हमला
सीधी, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के अमिलिया में मंगलवार दोपहर डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती की रैली के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। रास्ते में खड़ी बोलेरो हटाने की बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि नकाबपोशों ने एक घर में घुसकर हमला कर दिया। घटना में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अंबेडकर जयंती पर भीम आर्मी रैली निकाल रही थी। इस दौरान रास्ते में बोलेरो खड़ी थी। भीम आर्मी के सदस्यों ने उसे रास्ते से हटाने के लिए कहा। इस दौरान कुछ लोगों ने गाड़ी में तोड़ फोड़ कर दी। इसके बाद मनी शुक्ला ने विरोध करते हुए गाली गलौज कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई और 50 नकाबपोश बदमाश घर पर पथराव करते हुए अंदर घुसे और मनी शुक्ला और परिवार के साथ मारपीट की और घर पर पत्थर मारे।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने बीच बचाव किया। हमले में मनी शुक्ला (22) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनके साथ ही 80 वर्षीय बुजुर्ग रमाकांत शुक्ला, अर्चना शुक्ला (40) और उनकी बेटी दिव्यांश शुक्ला (22) को भी चोटें आई हैं। इस हमले के विरोध में स्थानीय लोगों ने दूसरे पक्ष के कुछ युवकों को घेरकर उनके साथ मारपीट की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौक पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अमिलिया, कमर्जी, बहरी थाना और सिहावल चौकी से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। मौके पर 150 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात हैं।
पुलिस का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इलाके में शांति बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है। घटना को लेकर जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर