भवसागर से पार उतारती है श्रीराम कथा : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
- श्रीराम कथा एवं श्रीराम महायज्ञ का शुभारंभ, जगद्गुरू रामललाचार्य से उप मुख्यमंत्री ने लिया आशीर्वाद
रीवा, 03 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि श्रीराम कथा भवसागर से पार उतारती है। एक राम नाम ही इस शरीर रूपी रथ का संवाहक है। ऐसे अवसर बड़े मनोरथों के उपरांत आते हैं इसलिए हम सब अपने मनोरथ को पूर्ण करें।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल बुधवार को रीवा में श्रीराम कथा एवं श्रीराम महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर शामिल होकर श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने जगद्गुरू रामललाचार्य से आशीर्वाद लिया।
श्रीराम जानकी मंदिर नजरबाग बाबूपुर में आयोजित श्रीराम कथा में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जगद्गुरू की अमृत वाणी से रामकथा का रसास्वादन 9 दिनों तक होगा और जनमानस कृतार्थ होगा तथा श्रीराम के चरित्र को अपने ह्मदय में बसायेगा।
उन्होंने कहा कि श्रीराम एवं श्रीकृष्ण की कथा ज्ञान की गंगा है और जब वह महाराज जी जैसे ऋषियों की अमृत वाणी से कही जायेगी तो और भी ज्ञानप्रद होगी। उन्होंने कहा कि महाराज जी का आगमन सौभाग्य की बात है। यह स्थल तीर्थ बनेगा। आज कथा का प्रथम दिवस है और भक्तजनों में अपार उत्साह है। मंदिर में होने वाली रामकथा का सौ गुना लाभ मिलता है।
शुक्ल ने कहा कि ईश्वर की कृपा और गौमाता के आशीर्वाद से ही रीवा का विकास हुआ है। मनुष्य के हाथ में कुछ नहीं है सब कुछ ईश्वर की कृपा से ही होता है। उन्होंने कहा कि भगवान भक्त से प्रसन्न होते हैं और शरणागत को ही भक्त मानते हैं।
प्रथम दिवस की कथा में जगद्गुरू ने श्रीराम के चरित्र का गुणगान करते हुए कहा कि श्रीराम हमारे रोम-रोम में बसते हैं। उनके द्वारा स्थापित आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। राम का चरित्र सर्वश्रेष्ठ है और इतिहास में रामायण सर्वश्रेष्ठ ग्रंथ है। विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में भक्तजनों ने प्रथम दिवस की कथा का श्रवण किया।
रामकथा से पूर्व गत दिवस कलश यात्रा का आयोजन संपन्न हुआ। बीटीएल बाला जी मंदिर से आरंभ होकर कलश यात्रा भुंइया बाबा की पूजा-अर्जना के उपरांत श्रीराम जानकी मंदिर में संपन्न हुई। इस दौरान जगद्गुरू का भक्तजनों ने स्वागत एवं वंदन किया।
उप मुख्यमंत्री ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार का भ्रमण कर प्राकृतिक खेती का किया अवलोकन
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बुधवार को रीवा प्रवास के दौरान बसामन मामा गौवंश वन्य विहार का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तदुपरांत उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें वन्य विहार में चल रही विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों को गति देने और व्यवस्थाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने परिसर में की जा रही प्राकृतिक खेती की गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गौवंश वन्य विहार में व्यवस्थाओं को उच्च स्तरीय बनाया जा रहा है ताकि यह प्राकृतिक खेती और गौसंरक्षण के प्रमुख केन्द्र के तौर पर अपनी पहचान स्थापित कर सके। उन्होंने परिसर में निर्माणाधीन 'ऋषि कुलम' और 'बायो इनपुट सेंटर' का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्देश दिये की सभी निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इस दौरान एसडीएम दृष्टि जायसवाल, डॉ. राजेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं गौवंश वन्य विहार से संबंधित जन उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में घायल नैतिक का कुशलक्षेम जाना
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने वार्ड क्रमांक 4 में बृजेन्द्र श्रीवास्तव के सुपुत्र नैतिक श्रीवास्तव का कुशलक्षेम जाना। उल्लेखनीय है कि नैतिक गत दिनों सड़क दुर्घटना में घायल हो गये थे और उप मुख्यमंत्री के प्रयासों से उनका शंकर नेत्रालय चेन्नई में इलाज हुआ। घायल नैतिक चार माह तक चेन्नई में इलाज कराने के उपरांत सकुशल रीवा आ गये हैं और अपने घर में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उप मुख्यमंत्री का बृजेन्द्र श्रीवास्तव ने ह्मदय से आभार जताया और कहा कि शुक्ल ने विषम परिस्थिति में हमारे परिवार की मदद की हम उनके ऋणी हैं।
श्रीराम जानकी मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने श्रीराम जानकी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किये तथा श्री रामकथा एवं श्रीराम यज्ञ की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मडफेश्वर महादेव मंदिर में भगवान आशुतोष के दर्शन किये तथा हवन यज्ञ में आहुति दी। उल्लेखनीय है कि श्रीराम जानकी मंदिर नजरबाग बाबूपुर में 3 जून से 11 जून तक दिव्य श्री रामकथा व श्री रामयज्ञ का आयोजन किया गया है। जगदगुरू रामानंदचार्य रामललाचार्य महाराज की अमृत वाणी से रामकथा का वाचन होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर