शिवपुरी के डायल-112 के जवानों ने परित्यक्त अवस्था में मिले नवजात को सुरक्षित संरक्षण देकर पहुंचाया अस्पताल

 


भोपाल, 30 जून (हि.स.) । मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के थाना पोहरी क्षेत्र में डायल-112 जवानों ने गाँव के बाहर परित्यक्त अवस्था में मिले एक नवजात शिशु को सुरक्षित संरक्षण प्रदान करते हुए समय पर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस की मानवीय पहल से नवजात को तत्काल चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराई जा सकी।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना पोहरी क्षेत्र अंतर्गत अगररा गाँव में नहर के पास एक नवजात शिशु परित्यक्त अवस्था में मिला है, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति छोड़कर चला गया है। तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही पोहरी थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को मौके के लिए रवाना किया गया तथा वरिष्ठ अधिकारियों को भी घटना की सूचना दी गई।

डायल-112 स्टाफ आरक्षक राम निवास सिंह एवं पायलट कमल किशोर शर्मा तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे और नवजात शिशु को सुरक्षित संरक्षण में लिया। इसके उपरांत डायल-112 टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए नवजात शिशु को डायल-112 वाहन से शासकीय चिकित्सालय पोहरीमें भर्ती कराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत