मप्र के शिवपुरी में सिलेंडर ब्लास्ट से ढहा मकान, 4 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार के 4 अन्य लोग झुलसे

 






शिवपुरी, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में खनियाधाना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुड़र में बुधवार को नाश्ता बनाते समय अचानक रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से एक मकान की छत और दीवारें भर-भराकर गिर गईं। हादसे में मलबे में दबने से एक चार साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

खनियाधाना थाना पुलिस के अनुसार, ग्राम गुड़र में बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे प्राण सिंह प्रजापति के घर पर उनकी पत्नी रोशनी प्रजापति एलपीजी गैस चूल्हे पर नाश्ता बना रही थीं। उस समय उनकी चार वर्षीय बेटी जाह्नवी पलंग पर सो रही थी, जबकि डेढ़ वर्षीय बेटा शिवा और पड़ोस का एक किशोर भी घर में था। परिवार के बुजुर्ग फूल सिंह प्रजापति घर के बाहर बैठे थे, तभी अचानक सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे मकान की छत और दीवारें ढह गईं और पूरे मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके की आवाज सुनकर फूल सिंह प्रजापति परिवार के सदस्यों को बचाने के लिए घर के अंदर पहुंचे, लेकिन वे भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही खनियाधाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। मलबा हटाने के दौरान चार वर्षीय जाह्नवी का शव मिला, जबकि गंभीर रूप से झुलसे चार 4 अन्य को अस्पताल पहुंचाया गया है।

प्रारंभिक जांच में घटना के कारणों को लेकर अलग-अलग आशंकाएं सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि प्राण सिंह किराना दुकान चलाते थे। खुले में डीजल-पेट्रोल बेचने का काम भी करते थे। आशंका है कि घर में रखे ज्वलनशील पदार्थ में आग लगने से विस्फोट हुआ। यह जानकारी भी सामने आई है कि घर में एक गैस सिलेंडर से खाना बनाया जा रहा था। दो अन्य सिलेंडर भी रखे थे। ग्रामीणों का कहना है कि इनमें से एक सिलेंडर में धमाका हुआ। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता लगेगा। मलबा हटाते समय एक सिलेंडर नहीं मिलने की बात भी सामने आई है।

हादसे की जानकारी मिलते ही शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, विधायक प्रीतम लोधी सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। कलेक्टर ने बताया कि प्रारंभिक रूप से घर में रखे डीजल-पेट्रोल में आग लगने और उसके बाद हुए विस्फोट की आशंका है। उन्होंने कहा कि घायलों के साथ एक तहसीलदार को भी भेजा गया है।

शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. आशुतोष चौरसिया के अनुसार, हादसे में घायल लोगों में रोशनी प्रजापति करीब 40 से 50 प्रतिशत, शिव प्रजापति (एक वर्ष) 50 से 60 प्रतिशत, अंकेश (10 वर्ष) 80 से 85 प्रतिशत तथा प्रण सिंह प्रजापति 60 से 70 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। घायलों को पहले शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, वहां से ग्वालियर रेफर कर दिया गया। सभी की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर