शिवपुरी में पहली बार राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन, 12 नवंबर को केन्द्रीय मंत्री सिंधिया करेंगे शुभारंभ

 


- 12 राज्यों सहित देश की 38 टीमें लेंगी हिस्सा, 765 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

शिवपुरी, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी शहर में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की अंडर-17 बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में 12 से 16 नवंबर तक आयोजित 70वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर की 38 टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें 765 खिलाड़ी और 120 अधिकारी शामिल होंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन 12 नवंबर को सुबह 10 बजे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे।

यह जानकारी मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने मैदान और खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के दौरान दी। उन्होंने बताया कि आयोजन को लेकर गुजरात, केरल सहित विभिन्न राज्यों की टीमों का पहुंचना शुरू हो गया है। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके बाद एथलेटिक्स के मुकाबले शुरू होंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ मैदान और खिलाड़ियों के ठहरने के इंतजामों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए सरकारी छात्रावासों, आवासीय विद्यालयों और निजी होटलों में व्यवस्था की गई है। करीब एक हजार लोगों के ठहरने की तैयारी है।

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रस्तावित शिवपुरी जिला प्रवास को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में ‘लाड़ली बहना योजना’ के हितग्राहियों को माह नवम्बर की अनुदान राशि का वितरण कार्यक्रम आगामी 13 नवंबर को विकासखंड पिछोर में प्रस्तावित है, जबकि केंद्रीय मंत्री सिंधिया 12 से 14 नवंबर तक जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे।

इन कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर कलेक्टर अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कार्यक्रम को सुचारू, व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को उनके दायित्व सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कलेक्टर वर्मा ने बताया कि छत्रसाल स्टेडियम में राज्य स्तरीय लाड़ली बहना राशि अंतरण कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, अस्थायी शौचालय, विद्युत व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री के प्रवास के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर