शिवपुरी में 2,500 करोड़ के अदाणी डिफेंस प्लांट का भूमिपूजन, 211 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

 






शिवपुरी, 05 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय संचार तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को पाली में लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले के लिए 211 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 38 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 166.72 करोड़ रुपये के 28 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 44.57 करोड़ रुपये के 10 नवीन कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

पोलो ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनकर उभरा है। जो देश कभी रक्षा उपकरणों का आयात करता था, वह आज आधुनिक रक्षा उत्पादों का निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश निवेश, उद्योग और रोजगार का विश्वसनीय केंद्र बन रहा है तथा ग्वालियर-चंबल क्षेत्र रक्षा उत्पादन, एविएशन, लॉजिस्टिक्स और आधुनिक उद्योगों के प्रमुख हब के रूप में विकसित हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवपुरी में स्थापित होने वाला यह डिफेंस प्लांट दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा निजी मिसाइल इकोसिस्टम होगा। यहां गोला-बारूद एवं आधुनिक मिसाइलों का निर्माण किया जाएगा, जिससे देश की रक्षा क्षमता मजबूत होगी। साथ ही क्षेत्र में लगभग चार से पांच हजार प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे और स्थानीय उद्योगों को भी नई पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने शिवपुरी शहर में लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत से 14 किलोमीटर लंबी फोरलेन (सर्कुलर रोड) के निर्माण, 108 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा एवं पर्यटन केंद्र, सुभाषपुरा को नई तहसील, खोड़ में शासकीय महाविद्यालय, पिछोर विधानसभा के वीरा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कोलारस में नया सांदीपनि विद्यालय तथा जिला अस्पताल में बच्चों के लिए 200 बिस्तरों का अत्याधुनिक अस्पताल स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अदाणी डिफेंस यूनिट की स्थापना के साथ शिवपुरी देश के रक्षा उत्पादन मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश निवेशकों के लिए सबसे भरोसेमंद राज्यों में शामिल हो चुका है और यह परियोजना ग्वालियर-चंबल क्षेत्र को औद्योगिक एवं आर्थिक विकास की नई दिशा देगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस परियोजना से हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र में सहायक उद्योगों का भी तेजी से विस्तार होगा।

कार्यक्रम में अदाणी समूह के निदेशक जीत अदाणी ने कहा कि यह परियोजना दक्षिण एशिया के सबसे बड़े मिसाइल इकोसिस्टम के रूप में विकसित होगी और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भारत को नई मजबूती प्रदान करेगी। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, क्षेत्रीय विधायकगण, जनप्रतिनिधि, अदाणी समूह के अधिकारी तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा