अहिल्याबाई जयंती पर महेश्वर में शिव का सामूहिक अभिषेक, हर घर से अर्पित होंगे 108 अक्षत

 


खरगोन, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर में आज (31 मई को) देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जन्म जयंती खास अंदाज में मनाई जा रही है। इस मौके पर भगवान शिव का सामूहिक अभिषेक होगा, जिसमें नगर के अलग-अलग समाज और मोहल्लों के लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रहेगी कि हर घर से श्रद्धालु 108 अक्षत लेकर भगवान शिव को अर्पित करेंगे।

अहिल्याबाई होल्कर की जन्म त्रिशताब्दी पूर्ण होने पर नगर परिषद द्वारा भवानी माता चौक स्थित उनकी प्रतिमा का विशेष पूजन और पुण्यार्चन किया जाएगा। आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और विभिन्न समाजों के लोग इसमें भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं। नगर परिषद ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप देने की योजना बनाई है।

दरअसल, खरगोन जिले का ऐतिहासिक नगर महेश्वर देवी अहिल्याबाई होलकर के शासनकाल की राजधानी रही है। इसीलिए उनकी जयंती को नगर परिषद द्वारा नगर गौरव दिवस के रूप में भी मनाया जा रहा है। इस दौरान भगवान शिव का सामूहिक समरसता अभिषेक किया जाएगा, जिसमें शहर के हर घर से श्रद्धालु 108 अक्षत यानी चावल के दाने अर्पित करेंगे।

नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि गजराज यादव ने बताया कि, कार्यक्रम के तहत भगवान शिव का समरसता अभिषेक किया जाएगा. इसमें नगर के 40 समाजों और 11 मोहल्लों के कुल 255 जोड़े शामिल होंगे। हर समाज से पांच जोड़ों को शामिल किया गया है, जो अलग-अलग द्रव्यों से भगवान शिव का अभिषेक करेंगे। आयोजन का उद्देश्य समाज में एकता और समरसता का संदेश देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर