मप्र में विजयादशमी पर्व पर आयोजित होंगे शस्त्र-पूजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री इंदौर में करेंगे शस्त्र-पूजन

 


- जिलों में आयोजित शस्त्र-पूजन कार्यक्रमों में मंत्रीगण होंगे शामिल

भोपाल, 18 अक्टूबर (हि.स.)। विजयादशमी (दशहरा) पर शस्त्र पूजन बुराई पर अच्छाई की, असत्य पर सत्य की विजय, शक्ति, साहस और कर्त्तव्यनिष्ठा के रूप में किया जाता है। ऐसा माना जाता है कि भगवान श्रीराम ने रावण का वध करने से पहले अस्त्र-शस्त्रों की पूजा की थी, जिससे उन्हें विजय प्राप्त हुई थी। यह भारतीय परम्परा वर्तमान में भारतीय सेना, पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ वीरता और आत्मरक्षा के संकल्प के रूप में मनायी जाती है। भारतीय सेना में शस्त्र पूजन की परम्परा भारतीय संस्कृति, शौर्य और राष्ट्र रक्षा के संकल्प से जुड़ी है। यह भारतीय परम्परा में शस्त्रों को शक्ति, साहस, आत्मरक्षा और धर्म की रक्षा का सदुपयोग करने और अन्याय के विरूद्ध संकल्प लेना है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शस्त्र-पूजन देश की सैन्य शक्ति, सुरक्षा और स्वतंत्रता के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इसी क्रम में राज्य शासन ने प्रदेश में विजयादशमी पर्व पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाले शस्त्र पूजन कार्यक्रमों के लिये मंत्रीगणों को मुख्य अतिथि के रूप में नामांकित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विजयादशमी पर आगामी 20 अक्टूबर को इंदौर में शस्त्र पूजन करेंगे।

जिन जिलों में मंत्रीगण शस्त्र पूजन में शामिल नहीं होंगे वहां संबंधित जिलों के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शस्त्र पूजन किया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा और साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने-अपने घरों में शस्त्र पूजन करें। कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाएं संबंधित जिले के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी।

शस्त्रपूजन कार्यक्रम में जिलेवार मुख्य अतिथि

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव - इंदौर, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर - ग्वालियर, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा- मंदसौर, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल - रीवा के अलावा मंत्रीगण कुंवर विजय शाह, खंडवा, कैलाश विजयवर्गीय-धार, प्रहलाद सिंह पटेल- नरसिंहपुर, राकेश सिंह-जबलपुर, करण सिंह वर्मा- सीहोर, उदय प्रताप सिंह- नर्मदापुरम, संपतिया उईके- मंडला, तुलसीराम सिलावट- देवास, एदल सिंह कंषाना- मुरैना, निर्मला भूरिया- झाबुआ, गोविंद सिंह राजपूत- सागर, विश्वास कैलाश सारंग- भोपाल, नारायण सिंह कुशवाह- दतिया, नागर सिंह चौहान- अलीराजपुर, राकेश शुक्ला - भिंड, इंदर सिंह परमार- शाजापुर, कृष्णा गौर- विदिशा, धर्मेन्द्र सिंह लोधी- दमोह, दिलीप जायसवाल- अनूपपुर, गौतम टेटवाल- राजगढ़, लखन पटेल- कटनी, नारायण सिंह पवार - आगरमालवा, नरेन्द्र शिवाजी पटेल- रायसेन, प्रतिमा बागरी- सतना, दिलीप अहिरवार - छतरपुर और राधा सिंह- सिंगरौली में शस्त्र पूजन में शामिल होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर