शहडोलः स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के तहत न्यू बस स्टैंड बलपुरवा चौक का औचक निरीक्षण
- गंदगी फैलाने वालों पर 2000 रुपये की चालानी कार्रवाई
शहडोल, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल में स्वच्छता सर्वेक्षण अंतर्गत नगर पालिका परिषद द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा भंडारी द्वारा न्यू बस स्टैंड बलपुरवा चौक क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड परिसर के मुख्य द्वार पर अव्यवस्थित रूप से खड़े ठेलों को तत्काल हटवाया गया, जिससे आमजन के आवागमन में आ रही बाधा को दूर किया जा सके। परिसर में गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए 2000 रुपये की चालानी कार्रवाई कर जुर्माना वसूल किया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड परिसर में निर्मित सामुदायिक शौचालय की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित केयरटेकर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए तथा दो दिवस के भीतर साफ-सफाई एवं आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त संपूर्ण बस स्टैंड परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, विशेष सफाई अभियान चलाकर धुलाई कराने एवं खुली नालियों को कवर से ढकने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बस स्टैंड परिसर स्थित पार्क की जर्जर दीवारों की शीघ्र मरम्मत हेतु उपयंत्री एस.एस. तोमर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के नोडल प्रभारी पुनीत त्रिपाठी को शहर की समग्र सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए, ताकि नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने का लक्ष्य समयबद्ध रूप से प्राप्त किया जा सके। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि नगर की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता नोडल प्रभारी पुनीत त्रिपाठी, कार्यालय अधीक्षक मोतीलाल सिंह, स्वच्छता निरीक्षक अनिल महोबिया, नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं सफाई मित्र उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर