मप्र में भीषण गर्मी का दौर जारी, 10 शहरों में तापमान 45 डिग्री के पार

 


- तेज गर्मी के बीच दमोह में ओले गिरे, छतरपुर में तेज आंधी के साथ हुई बारिश

भोपाल, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में नौतपा के चौथे दिन भी भीषण गर्मी का असर बना रहा। प्रदेश के 10 शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां पारा 46.5 डिग्री तक सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, भीषण गर्मी के बीच दमोह में ओलावृष्टि और छतरपुर में तेज आंधी के साथ जमकर बारिश हुई।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 48 जिलों में हीटवेव और तेज गर्मी का अलर्ट जारी किया है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले तीन दिनों में कई जिलों में आंधी और वर्षा की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।

नौतपा के चौथे दिन भी मध्य प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में रहा। प्रदेश के खजुराहो में सबसे अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजगढ़ में 46 डिग्री, दतिया में 45.7 डिग्री, नौगांव और दमोह-मलाजखंड में 45.5 डिग्री, टीकमगढ़ में 45.2 डिग्री, सतना में 45.1 डिग्री और मंडला-सागर में 45 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा गुना में 44.7 डिग्री, श्योपुर में 44.6 डिग्री, रायसेन में 44.2 डिग्री और रीवा-छिंदवाड़ा में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

प्रदेश के बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां पारा 44.7 डिग्री तक पहुंचा। जबलपुर में 44 डिग्री, भोपाल में 43.8 डिग्री, उज्जैन में 42.5 डिग्री और इंदौर में 41.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, इस बार नौतपा में भीषण गर्मी के साथ आंधी और बारिश का दौर भी जारी है। दमोह में गुरुवार शाम अचानक मौसम बदल गया। शाम करीब 4:30 बजे बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में करीब आधे घंटे तक ओले गिरते रहे। बाद में ओलावृष्टि थम गई, लेकिन बारिश जारी रही। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम में ठंडक घुल गई।

इसी तरह छतरपुर जिले के नौतपा में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। कई दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को तेज आंधी, बारिश और हल्की ओलावृष्टि से बड़ी राहत मिली। शाम के समय तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।

गुरुवार सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था। भीषण गर्मी और लू के चलते दोपहर बाद सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग गर्म हवाओं से बचने के लिए घरों में कैद रहे। शाम होते-होते आसमान में अचानक काले बादल छा गए। इसके बाद तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। छतरपुर शहर, हरपालपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की ओलावृष्टि भी हुई। बारिश के चलते लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली। अचानक बदले मौसम के कारण जिले के कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं तेज हवा और बारिश के चलते कुछ जगहों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।

मौसम विभाग ने अगले 4 दिन तक मौसम का फोरकास्ट जारी किया है। इनमें 29, 30 और 31 मई को कई जिलों में बारिश का अनुमान जताया है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से ऐसा मौसम रहेगा। मौसम विज्ञानियों ने लोगों को दोपहर 12 से तीन बजे तक घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि दोपहर 12 से 3 बजे तक गर्मी का ज्यादा असर रहेगा। ऐसे में लोग जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। दिनभर पर्याप्त पानी पीएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। हलके रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर