सेवा संकल्प अभियान का श्रीगणेश दीप प्रज्ज्वलन एवं झिलमिल रोशनी के साथ करें: मंत्री काश्यप

 


- मंत्री काश्यप ने वीडियो कान्फ्रेंस में समीक्षा के साथ दिए आवश्यक निर्देश

भोपाल, 12 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल जिले के प्रभारी एवं एमएसएमई मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने शनिवार को अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आगामी 17 सितम्बर को दीप प्रज्ज्वलन और आकर्षक रंगारंग रोशनी के साथ 'सेवा संकल्प अभियान' का भव्य शुभारंभ करें। नगरीय क्षेत्रों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों एवं चौराहों को दीयों से प्रकाशित करें।

उन्होंने वीडियो कान्फ्रेंस में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म स्थान बडनगर (गुजरात) से आने वाली यात्रा की अगवानी बड़े उत्साह और उमंग से होना चाहिए।

मंत्री काश्यप ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक संपूर्ण देश और प्रदेश के साथ भोपाल जिले में भी सेवा संकल्प अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रमुख प्रोजेक्ट जैसे मेट्रो रेल और महत्वपूर्ण योजना स्थलों और ऐतिहासिक एवं प्रशासनिक इमारतें जैसे राजभवन, मिन्टों हॉल, इंदिरा विधानभवन, वल्लभ भवन, सतपुड़ा, विंध्याचल और झीलों-तालाबों के आस-पास के इलाके रोशनी से जगमग होना चाहिए।

एमएसएमई मंत्री काश्यप ने 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और सेवा प्रकल्पों तथा नोडल अधिकारियों की जानकारी साझा की। अभियान के तहत कुल 13 राष्ट्रव्यापी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

इस वीडियों कान्फ्रेंसिंग का संचालन कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने किया। प्रजेन्टेशन जिला पंचायत सीईओं इला तिवारी ने किया। समीक्षा में सांसद आलोक शर्मा, विधायक सर्वश्री भगवानदास सबनानी एवं विष्णु खत्री के अलावा महापौर मालती राय, भोपाल जिला अध्यक्ष रवीन्द्र यती, जिला पंचायत अध्यक्ष और जनपद पंचायत अध्यक्षों ने सहभागिता की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर