मप्र के सिवनी में मजदूरों से भरा ओवरलोड वाहन बेकाबू होकर मकान में घुसा, तीन की मौत

 


सिवनी, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर शुक्रवार तड़के कुरई थाना क्षेत्र में ग्राम पचधार के पास मजदूरों को केरल ले जा रहा एक तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 10 घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, मंडला और डिंडोरी जिलों से मजदूर एक ‘तूफान’ वाहन (जीप) में सवार होकर रोजगार के लिए केरल जा रहे थे। वाहन में क्षमता से अधिक कुल 29 लोग मौजूद थे, जिनमें 12 पुरुष, 12 महिलाएं और 5 बच्चे शामिल थे। वाहन शुक्रवार तड़के करीब 4.30 बजे कुरई थाना क्षेत्र ग्राम पचधार के पास पहुंचा था, तभी वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और वह दूसरी लेन में जाकर सीधे सड़क किनारे बने मकान में घुस गया, जिससे दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि घर के अंदर मौजूद लोग सुरक्षित बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही कुरई थाना पुलिस, एफआरवी-06 खवासा टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। करीब 10 घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरई में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को नागपुर रेफर किया गया है।

पुलिस ने बताया कि हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मजदूरों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान नरेंद्र पुत्र जित्तू सोनवाने ग्राम पद्दीकोना थाना घुघरी पछवारटोला जिला मंडला, ड्राइवर दशरथ धुर्वे निवासी ग्राम पद्दीकोना थाना घुघरी जिला मंडला और सरजू पुत्र मोती लाल बालरे ग्राम चाबी थाना घुघरी जिला मंडला के रूप में हुई है। वहीं, दो मजदूरों संजय पुत्र सुक्कल पुसाम ग्राम भैंसवाही थाना घुघरी जिला मंडला और धनेश्वरी पत्नी विपिन मरावी ग्राम अहमद पुर थाना घुघरी जिला मंडला को गंभीर हालत में नागपुर रैफर किया गया है।

बरघाट एसडीओपी ललित गठरे ने बताया कि हादसे में तीन मजदूरों की मौत हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने की वजह वाहन अनियंत्रित हो गया और मकान में जा घुसा। डॉक्टरों की निगरानी में घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर